फतेहाबाद। नौवें सिख गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर सिरसा से शुरू हुई नगर कीर्तन यात्रा सोमवार शाम जिले में प्रवेश कर गई। यात्रा का स्वागत गांव करनौली में स्थानीय संगत ने पुष्प वर्षा, कीर्तन और जयकारों के साथ किया। बुधवार को यात्रा गांव अयाल्की पहुंचेगी।
इसके बाद नगर कीर्तन यात्रा दरियापुर स्थित मोरीराम पेट्रोल पंप पर पहुंची, जहां संगत ने कीर्तन और गुलाब वर्षा के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। करनौली और दरियापुर से रवाना हुई यात्रा सिरसा रोड से नई अनाजमंडी, एमएम कॉलेज, लाल बत्ती चौक, परशुराम चौक, नामधारी गुरुद्वारा बीघड़ रोड होते हुए गुरुद्वारा सिंह सभा, जगजीवनपुरा पहुंची। यहां पर कीर्तन के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि 18 नवंबर को नगर कीर्तन डीएसपी रोड से रविदास चौक, जवाहर चौक, थाना पार्किंग रोड, अरोड़वंश धर्मशाला, तुलसीदास चौक, वाल्मिकी चौक, गुरुद्वारा गुरुनानक पुरा, रतिया चुंगी और गुरुद्वारा झाड़ होते हुए अयाल्की पहुंचेगी। इसके बाद यह यात्रा फतेहाबाद और आसपास के कई जिलों से होकर कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। यात्रा के अंतिम चरण में 25 नवंबर को राज्यस्तर पर समापन समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में संगत शामिल होगी।
नगर कीर्तन का प्रथम पड़ाव पर पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक दुड़ाराम, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन प्रो. रविंद्र बलियाला, चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा, एडीसी अनुराग ढालिया, एसडीएम राजेश कुमार और जिले के गुरुद्वारा प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।