पुलिसकर्मी श्रद्वालुओं को समझाते हुए स्त्रोत पुलिस विभाग
भट्टूकलां। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित धार्मिक स्थल गोगामेड़ी धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु भट्टू क्षेत्र के पास फतेहाबाद ब्रांच की बड़ी नहर में नहाने लग गए। सूचना मिलने पर गश्त कर रही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी को बाहर निकलवाकर उन्हें नहर में न नहाने की सख्त हिदायत दी।
उल्लेखनीय है प्रशासन की पाबंदी के बावजूद लोग नहर में नहाने लग जाते हैं। इस कारण कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। गोगामेड़ी धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं ने भट्टू क्षेत्र के पास फतेहाबाद ब्रांच के किनारे अपने ट्रक रोक लिए। इसके बाद काफी संख्या में लोग नहर में नहाने उतर गए।
नहर का बहाव काफी तेज है और यह स्थिति हादसे का कारण बन सकती थी। वहीं नहरों में लोगों को डूबने से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से नहाने पर पाबंदी लगाई गई है। पुलिस टीमें लगातार नहरों के आसपास गश्त करती रहती है। गश्त के दौरान डायल 112 की टीम ने नहर किनारे खड़े ट्रकों और पानी में नहा रहे श्रद्धालुओं को देखा।
इस पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए माइक और चेतावनी के माध्यम से सभी श्रद्धालुओं को नहर से बाहर निकलने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाया कि बहती नहर में नहाना जानलेवा साबित हो सकता है और प्रशासन की ओर से यहां नहाने पर प्रतिबंध है।