फतेहाबाद के दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्रें के पांचवे दिन मां की महिमा का गुणगान करतीं महिलाए
फतेहाबाद। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन सोमवार को श्रद्धालुओं ने माता रानी की आराधना की। श्रद्धालुओं ने घरों में देवी पूजन किया। गांवों व शहरों में सजे दुर्गा पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं ने सामूहिक पूजन व आरती कर परिवार, समाज व देश के कल्याण की कामना की।
पूजा-अर्चना के लिए दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। घरों से लेकर मंदिरों तक नवरात्र में मां की आराधना के लिए भक्तों का उत्साह देखने को मिला। मंदिरों में घंटे-घड़ियाल के साथ दिनभर मंत्रोच्चार गूंजते रहे। मां भगवती का भव्य शृंगार कर पूजन किया गया। शहर के दुर्गा मंदिर, देवी मंदिर, माता वैष्णो देवी मंदिर, काली माता मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर, तुलसीदास मंदिर आदि मंदिरों में देर शाम तक दर्शन-पूजन चलता रहा। मंदिरों में शाम करीब आठ बजे आरती के बाद कपाट बंद किए गए। नौ दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने भी सुबह-शाम दुर्गा सप्तशती का पाठ और आरती करने के बाद मां का आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही शहर में पंडालों में साज-सज्जा का कार्य शुरू हुआ। कई पंड़ालों में देवी प्रतिमाओं की स्थापना की गई।