फतेहाबाद के हंस मार्केट में सुबह लगी रेहड़ियां
फतेहाबाद। शहर के हंस मार्केट में सोमवार सुबह सब्जी की रेहड़ियां व कपड़ों की स्टॉल लग गईं। जिससे पहले की तरह स्थिति बन गई। शाम को नगर परिषद अधिकारियों के सामने मामला आया तो एसआई राहुल के नेतृत्व में टीम पहुंची और स्टॉल व रेहड़ियां जब्त की गईं।
नगर परिषद इस कार्रवाई से रेहड़ी संचालकों में हड़कंप मच गया। रेहड़ी संचालकों ने कहा कि उन्हें स्थायी जगह उपलब्ध करवाई जाए। एसआई राहुल ने कहा कि चेतावनी देने के बाद भी हंस मार्केट में अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। यहां पर रेहड़ियां नहीं लगाने दी जाएंगी।
- अतिक्रमण रोकने के लिए तैनात किए गए है कर्मचारी
नगर परिषद द्वारा पिछले वीरवार को हंस मार्केट में अतिक्रमण रोकने के लिए कर्मचारी दो शिफ्टों में तैनात किए गए थे। रविवार तक यहां पर रेहड़ियां व स्टॉल नहीं लगी। लेकिन सोमवार को फिर पहले जैसी स्थिति हो गई है।
-पांच रेहड़ी संचालकों को लगाया गया जुर्माना
गणतंत्र दिवस के चलते कर्मचारी तैयारियों में व्यस्त थे। इसके चलते हंस मार्केट में दोबारा से रेहड़ियां लग गई थी। शाम को पांच रेहड़ियां व मेज भी जब्त की गई हैं। पांच रेहड़ी संचालकों को पांच-पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
- राहुल कुमार, एसआई, नगर परिषद, फतेहाबाद।