फतेहाबाद। नगर परिषद ने आधे शहर की सफाई करने वाली एजेंसी सनराइज का ठेका एक बार फिर से बढ़ा दिया है। नगर परिषद ने तीसरी बार एजेंसी का ठेका बढ़ाया है। अब 25 दिसंबर तक एजेंसी काम करेगी। जबकि ठेका 25 सितंबर को खत्म हो चुका है।
नगर परिषद ने ठेका बढ़ाने के लिए डीएमसी को प्रस्ताव भेजा था। शिकायतों के बावजूद भी नगर परिषद प्रशासन लगातार एजेंसी का ठेका बढ़ा रही है। एजेंसी को नगर परिषद शिकायतों के चलते जुर्माना भी लगा चुका है। हर माह एजेंसी को 11.50 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है।नगर परिषद ने अभी तक नए ठेके को लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं की है।
वजह यह है कि नगर परिषद की तकनीकी शाखा ने एरिया को लेकर सर्वे रिपोर्ट मांगी थी। बताया जा रहा है कि तीन माह से ये प्रक्रिया रुकी हुई है। तकनीकी शाखा ने भी अभी तक रिपोर्ट नहीं दी है कि हिसार-सिरसा रोड पर के दूसरी तरफ का क्षेत्र कितना होगा। नगर परिषद ने लालबत्ती चौक से बाजार की तरफ एरिया खुद के पास रख रखा है। यहां पर नगर परिषद के कर्मचारी सफाई कर रहे हैं।
कर्मचारी न होने पर पिछले साल दिया गया था ठेका
नगर परिषद ने शहर के 60 किलोमीटर क्षेत्र का एस्टीमेट बनाकर सफाई का ठेका पिछले साल सितंबर माह में एजेंसी को दिया था। एजेंसी को नगर परिषद ने हिसार-सिरसा रोड पर भट्टू रोड, बीघड़ रोड, औद्योगिक क्षेत्र का एरिया दे रखा है। इसमें नगर परिषद में शामिल हुई नई कॉलोनियां स्वामी नगर, हंस कॉलोनी, हरनाम सिंह कॉलोनी भी शामिल है। हालात ये है कि हंस कॉलोनी में सप्ताह में एक दिन ही सफाई कर्मचारी आ रहे है। पानी निकासी प्रबंध न होने के बावजूद नालियों की सफाई नहीं हो रही है।
-
ये है शहर की स्थिति
कुल वार्ड - 27
जनसंख्या - 92 हजार
प्रॉपर्टी - 42 हजार
रोजाना शहर से निकल रहा कचरा - 35 टन
सफाई कर्मचारी स्थाई - 30
सफाई कर्मचारी पालिका रोल - 116
-
नगर परिषद ने जिस एजेंसी को ठेका दिया हुआ है उसने कर्मचारी पूरे नहीं लगा रखे हैं। हरनाम सिंह कॉलोनी में सिर्फ दो ही कर्मचारी लगे हुए हैं, इस बारे में कई बार मुद्दा उठा चुके हैं। नगर परिषद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
-योगी हंसराज, पार्षद प्रतिनिधि
-
हंस कॉलोनी को सिर्फ दो ही कर्मचारी दिए गए हैं, ऐसे में कैसे सफाई हो सकती है। कई बार लिखित में भी दिया जा चुका है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
-संजय रूखाया, पार्षद
-
सफाई का ठेका जिस एजेंसी को दिया गया है उसे एक माह के लिए बढ़ा दिया गया है। नए ठेके के बारे में प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।
-सतपाल सैनी, मुख्य सफाई निरीक्षक
-
मेरे पास अभी तक एरिया बताने के लिए कोई पत्र नहीं आया है। अगर आएगा तो इस बारे में जानकारी दे दी जाएगी।
-नरेंद्र पंवार, एमई, नगर परिषद