फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में चर्म रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों को ओपीडी के लिए स्थायी जगह आवंटित कर दी है। शुक्रवार से इन दोनों विभागों की ओपीडी अपने पुराने निर्धारित स्थानों पर सुचारू रूप से शुरू हो गई है। इससे चिकित्सकों व मरीजों को राहत मिली है।
अस्पताल परिसर में चल रहे मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्य के चलते चर्म रोग विभाग की ओपीडी को अस्थायी रूप से नशा मुक्ति केंद्र में स्थानांतरित किया गया था। चर्म रोग विशेषज्ञ के पास जाने वाले मरीजों को मुख्य भवन से दूर जाना पड़ रहा था। इससे बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
वहीं, नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में भी जगह की तंगी के कारण भारी भीड़ जमा हो रही थी। अब मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद इन विभागों को वापस उनके मूल स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।
-
सर्दी से चर्म रोगियों की संख्या में बढ़ोतरी
ओपीडी के स्थायी स्थान पर लौटने का लाभ चर्म रोगियों को मिला है। बदलते मौसम और कड़ाके की ठंड के कारण चर्म रोग विभाग में मरीजों की तादाद काफी बढ़ गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दी में त्वचा में सूखापन, खुजली और संक्रमण की शिकायतें आम हो जाती हैं। ऐसे में इन दिनों से 180 से लेकर 200 के बीच चर्म रोग के मरीजों की ओपीडी हो रही है।
-
मरीजों को मिली राहत
शनिवार को ओपीडी की संख्या कम रहती है। ऐसे में शनिवार सुबह से ही चर्म रोग मरीजों की भीड़ रही। मरीजों की कतारें देखने को मिलीं। चर्म रोग विभाग के साथ-साथ नेत्र रोग विभाग में भी अब पर्याप्त जगह होने से सोशल डिस्टेंसिंग और बैठने की व्यवस्था बेहतर हो गई है। नेत्र रोगियों के लिए भी अब जांच मशीनों तक पहुंचना आसान हो गया है।
-
:: अस्पताल प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बुनियादी ढांचे में सुधार किया गया है। ओपीडी के स्थायी होने से मरीजों को राहत मिली है। मरम्मत कार्य के चलते पहले मरीजों व तीमारदारों को परेशानी हो रही थी।
-डॉ. प्रीत कौर, चर्म एवं त्वचा रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।