रतिया। बरसात के सीजन में डेंगू बुखार फैलने के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने चार टीमें गठित कर घरों का सर्वे करवाया। इस दौरान यह देखा गया कि किसी घर में कूलर पानी की टंकियों या गमलों आदि में कई दिन पुराना पानी तो नहीं खड़ा और उस पानी में डेंगू का लारवा तो नहीं। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 120 घरों में डेंगू का लारवा पाया। सरकारी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विजय जैन ने आम लोगों को जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम लोगों को अपने व आसपास में कूलर, पानी की टंकियों या गमलों आदि में कई दिन पुराना पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। इससे डेंगू का लारवा पनपता है।
ज्ञात रहे 2 वर्ष पूर्व रतिया क्षेत्र में डेंगू की बीमारी से काफी लोग प्रभावित हुए थे। इस बारे में हेल्थ इंस्पेक्टर राजेश कुमार से बात की तो उन्होंने बताया अब तक करीब 120 घरों में डेंगू का लारवा पाया गया है। उन घरों के बर्तन, गमले, कूलर आदि को खाली कर उन्हें नोटिस जारी किए गए की दोबारा अपने घरों में पुराना पानी कहीं भी ना खड़ा होने दें।