फतेहाबाद। जिला में डेंगू का प्रकोप भी बढ़ना शुरू हो गया है। जिला में डेंगू मरीजों की संख्या 29 पहुंच गई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के पास छह डेंगू मरीजों की रिपोर्ट भेजी है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग हिसार ने फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी है। इन मरीजों का हिसार के अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने के बाद विभाग ने इन मरीजों के घरों के आसपास सर्वे शुरू कर दिया है।
विभाग के मुताबिक हिसार से आई रिपोर्ट के मुताबिक टोहाना निवासी एक महिला, भूना में दो, रतिया में एक, भट्टू तथा फतेहाबाद में एक-एक मरीज में पुष्टि हुई है। विभाग अभी तक 2050 घरों व प्रतिष्ठान को डेंगू फैलाने वाले मच्छर का लारवा मिलने पर नोटिस जारी कर चुका है।
जानिए क्या है जिला में डेंगू की स्थिति
वर्ष डेंगू पुष्टि मौत
2015 169 2
2016 48 0
2017 421 0
2018 56 0
2019 29 0
डेंगू के लक्षण
डेंगू एडिज मच्छर के काटने से होता है, इस मच्छर के काटने से लक्षण चार से पांच दिन बाद दिखाई देने लगते हैं। डेंगू के कारण त्वचा पर चकते, हड्डियों में दर्द, पीठ दर्द, आंखों में दर्द, उल्टी व तेज बुखार होने लगता है। इसके अलावा शरीर में प्लेटलेट्स भी कम होने लगते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक डेंगू के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं और उसकी सलाह से ही दवा लें। इसके अलावा लिक्विड ज्यादा से ज्यादा लें।
---------
डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। विभाग सर्वे भी कर रहा है, अगर किसी मरीज में लक्षण दिखते हैं तो उसकी जांच स्वास्थ्य केंद्र में करवाई जा रही है।
- डॉ. विष्णु मितल, जिला महामारी अधिकारी