किसान संघर्ष समिति के तत्वाधान में रविवार को कृषि अध्यादेश के खिलाफ जिलेभर के किसान ट्रैक्टरों काले झंडे लगाकर फतेहाबाद में लघु सचिवालय पहुंचेंगे और महापड़ाव डालेंगे। इस दौरान सिरसा-चंडीगढ़ मार्ग पूरी तरह जाम रहने की आशंका है जिसके लिए किसान संगठनों ने अपनी योजना का एलान पहले ही कर दिया है। सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाइवे जाम रहने की घोषणा के बीच जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है और किसानों को समझाने के प्रयास में जुट गया है कि वो सड़क जाम करने के प्रयास से परहेज करें। इसके चलते जिला प्रशासन ने पूरे जिले में पुलिस अधिकारियों के साथ साथ कुल 12 ड्यूटी मैजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर दिए हैं।
उधर किसान संघर्ष समिति के जिला प्रधान ओमप्रकाश मंडा ने शनिवार को चौथे दिन धरने की अध्यक्षता की। धरने पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव प्रह्लाद सिंह गिलाखेड़ा के धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों को समर्थन दिया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रधान एडवोकेट अजय कुमार, किसान सभा के जिलाध्यक्ष कामरेड राम रामस्वरूप ढाणी गोपाल, चांदी राम, बलवान सिंह ढाणी सांचला, रमेश कुमार पंघाल तोशाम, फकीर चंद मित्तल, अजय कुमार तायल आदि भी मौजूद रहे।
ढाणी गोपाल और जांडलीखुर्द के पास एकत्रित होंगे हजारों ट्रैक्टर, काले झंडे लगाकर करेंगे फतेहाबाद कूच
जानकारी अनुसार रविवार को फतेहाबाद में प्रस्तावित किसान आंदोलन को सफल बनाने के लिए जिलेभर के किसान ट्रैक्टरों पर काले झंडे लगाकर फतेहाबाद पहुंचेंगे। इसके लिए ढाणी गोपाल चौक पर पहले से धरने की जगह पर आसपास के एक दर्जन गांवों के किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंचेंगे और एक काफिले के रूप में फतेहाबाद की ओर कूच करेंगे। इसके अलावा गांव जांडलीखुर्द के पास भी इधर के एक दर्जन गांवों के किसान ट्रैक्टरों के काफिले के साथ फतेहाबाद के लिए रवाना होंगे। इस दौरान सिरसा-चंडीगढ़ राजमार्ग पूरी तरह ब्लॉक रहने की आशंका है। किसान नेता ओमप्रकाश मंडा ने बताया कि कृषि अध्यादेश के खिलाफ उनका आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से होगा। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर उपरोक्त तीनों किसान विरोधी अध्यादेशों को को वापस लेने की मांग उठाई जाएगी।
इन अधिकारियों को नियुक्त किया बतौर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट : जिलाधीश डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने डीएसपी दलजीत सिंह के साथ एसडीएम कुलभूषण बंसल, डीएसपी बीरेम सिंह के साथ एसडीएम नवीन कुमार, डीएसपी अजायब सिंह के साथ डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल, थाना प्रबंधक शहर फतेहाबाद के साथ विजय कुमार तहसीलदार, थाना प्रबंधक सदर फतेहाबाद के साथ डीआईसी उप निदेशक ज्ञानचंद, थाना प्रबंधक शहर टोहाना के साथ तहसीलदार प्रकाश चंद, थाना प्रबंधक सदर टोहाना के साथ बीडीपीओ नरेंद्र सिंह, थाना प्रबंधक शहर रतिया के साथ कृषि विभाग के एसडीओ सुखविंद्र सिंह, थाना प्रबंधक सदर रतिया के साथ उप तहसीलदार भजनदास, थाना प्रबंधक भट्टू कलां के साथ उप तहसीलदार राजेश गर्ग, थाना प्रबंधक भूना के साथ बीडीपीओ रवि कुमार तथा थाना प्रबंधक जाखल के साथ उप तहसीलदार रामचंद को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।