सिरसा रोड पर मदान होटल के पीछे सीएम फ्लाइंग की टीम ने शुक्रवार तड़के तीन बजे नकली देसी घी तैयार करने वाली फैक्टरी में छापा मारकर गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। रि पैकिंग का लाइसेंस लेकर रिफाइंड तेल और डालडा में सुगंधित केमिकल डालकर फैक्टरी में करीब दो साल से नकली देसी घी तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से भारी मात्रा में अलग-अलग ब्रांडों के नकली देसी घी की पैकिंग, डालडा व मशीनें बरामद की हैं। फैक्टरी संचालक माल तैयार करके हांसी, फतेहाबाद, टोहाना व पंजाब में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर श्री हनुमत ट्रेडिंग कंपनी के संचालक मुकुल सचदेवा को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के मुताबिक सीएम फ्लाइंग को सूचना मिली थी कि सिरसा रोड पर मदान होटल के पीछे एक गोदाम में नकली देसी घी बनाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर विक्रम भादू, सब इंस्पेक्टर दुष्यंत, सब इंस्पेक्टर रणधीर सिंह, सब इंस्पेक्टर झंडाराम, एएसआई रामफल, विपिन, एचसी दिनेश कुमार, धर्मबीर ने बस स्टैंड चौकी इंचार्ज महेंद्र को साथ लेकर तड़के तीन बजे छापे की कार्रवाई की। टीम को यहां पर भारी मात्रा में घी अलग-अलग ब्रांड की पैकिंग में मिला। इसके अलावा मौके से डालडा व रिफाइंड घी का स्टॉक मिला। टीम ने फैक्टरी संचालक मुकुल सचदेवा को मौके पर बुलाया और दस्तावेज मांगे लेकिन संचालक शाम तक दस्तावेज नहीं दिखा पाया। सीएम फ्लाइंग ने जांच के लिए मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र पूनिया को बुलाया। सुरेंद्र पूनिया ने मौके पर पहुंचकर अलग-अलग ब्रांड में पैकिंग घी के सैंपल लिए। इसके बाद टीम ने फैक्टरी में मौजूद पैकिंग माल व अन्य स्टॉक व मशीनों को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। मौके से टीम ने पैकिंग किए330 लीटर कुबेर घी, 290 लीटर किचन दीप, 100 लीटर मदर लाइट, 35 लीटर हरियाणा सेफ व वनस्पति में 16 किलो सरगम, 195 किलोग्राम डालडा मार्का, 480 किलो जुगली वनस्पति, 30 किलो रिफाइंड बरामद किया है।
रि पैकिंग लाइसेंस के नाम पर चल रहा था खेल : सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई में सामने आया कि यहां पर रि पैकिंग के लाइसेंस के नाम पर नकली देसी घी बनाने का काम चल रहा था। टीम के मुताबिक जो लाइसेंस मिला है वह मई में खत्म हो चुका है और उसके बाद लाइसेंस को दोबारा रिन्यू नहीं करवाया गया। इस लाइसेंस से माल बाहर से लाकर पैकिंग किया जा सकता है बनाया नहीं जा सकता है।
घरेलू सिलिंडर किए बरामद : फैक्टरी में घरेलू सिलिंडरों का प्रयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रण विभाग के इंस्पेक्टर घड़सीराम को बुलाया। इंस्पेक्टर घड़सीराम ने मौके से तीन घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर बरामद किया।
भारी मात्रा में सुगंधित केमिकल बरामद : टीम को यहां पर भारी मात्रा में केमिकल बरामद किया है। वनस्पति और रिफाइंड को मिलाकर घी तैयार किया जाता था। दानेदार बनाने के लिए केमिकल डाला जाता था। इसके अलावा देसी घी की खुशबू आए इसके लिए एक लिक्विड केमिकल डाला जाता था। इससे खुशबू आती थी। इसे फिर अलग-अलग ब्रांड की पैकिंग में भरा जा रहा था। एफएसओ सुरेंद्र पूनिया ने बताया कि केमिकल व पैकिंग माल के सैंपल लेकर लैब भेजे जाएंगे। एक पैकिंग पर घी लिखा है, इसके अलावा किसी पर प्रीमियम क्वालिटी और किसी पर कुकिंग मीडियम आदि लिखा हुआ है।
2018 में बने लाइसेंस को किया गया बहाल : जांच में ये भी सामने आया है कि संचालक रि पैकर का लाइसेंस 2018 में ताऊ देवीलाल मार्केट का लिया। लेकिन इसे बाद में सस्पेंड कर दिया गया लेकिन खाद्य एवं ड्रग सुरक्षा विभाग ने दोबारा बहाल कर दिया गया। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या अधिकारियों ने बिना जांच के लाइसेंस जारी किया।
पंजाब में भी सप्लाई होता था माल : सीएम फ्लाइंग के अधिकारियों के मुताबिक अधिकतर माल पंजाब में सप्लाई हो रहा था। इसके अलावा हांसी, फतेहाबाद, सिरसा में भी माल बेचा जा रहा था।
टीम को सूचना मिली थी कि श्री हनुमत ट्रेडिंग कंपनी में नकली घी बनाया जा रहा है। सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम को साथ लेकर कार्रवाई की गई। यहां पर तैयार किया गया माल व मार्का बरामद किया गया, जिसके सैंपल लिए गए हैं। मौके पर मौजूद सामान को कब्जे में ले लिया है। केमिकल मिलाकर घी तैयार किया जा रहा था। करीब डेढ़ से दो साल से घी तैयार किया जा रहा था। संचालक के पास माल तैयार करने का लाइसेंस नहीं है, रि पैकर का लाइसेंस है। - दुष्यंत सिंह, सब इंस्पेक्टर, सदस्य सीएम फ्लाइंग।
फैक्टरी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है : थाना प्रभारी
सीएम फ्लाइंग द्वारा फैक्टरी में छापा मारा गया था, इस दौरान अनियमिताएं पाई गईं। इसको लेकर मामला दर्ज करके आरोपी फैक्टरी संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है। - सुरेंद्र कंबोज, शहर थाना प्रभारी।