फतेहाबाद। जिले में सेम और जलभराव की समस्या से परेशान किसानों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने सरकार और बीमा कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपायुक्त को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व किसान सभा जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा ने किया।
किसानों ने कहा कि जिले के करीब 23–24 गांवों, खासकर बड़ोपल, चिंदड़, गोरखपुर, कुम्हारिया, भट्टूकलां और जांडवाला बागड़ क्षेत्र की हजारों एकड़ जमीन कई वर्षों से सेम और जलभराव की समस्या से जूझ रही है। लगातार पानी भरने से फसलें नष्ट हो रही हैं और कई जगह जमीन बंजर होने की स्थिति में पहुंच गई हैं।
विष्णुदत्त शर्मा ने बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2023 से 2025 तक का बीमा क्लेम और मुआवजा अब तक किसानों को नहीं मिला। कंपनियों ने किसानों के खातों से प्रीमियम की राशि काट ली लेकिन नुकसान की भरपाई नहीं की। किसानों के अनुसार जलभराव पर दिया गया मामूली मुआवजा भी केवल दिखावा है। किसानों ने इसे कंपनियों की खुली लूट बताया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से 7 हजार से 15 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की घोषणा की गई थी, मगर जमीन पर इसका लाभ दिखाई नहीं दिया। ढाणियों और खेतों में हुए नुकसान की भरपाई भी अब तक नहीं हुई है।
किसान सभा ने मांग रखी कि बीमा कंपनियों की गतिविधियों की जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही लंबित बीमा क्लेम और जलभराव से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए। इस अवसर पर मा. हनुमान, सुभाष भादू, रिछपाल सिंह, हंसराज बड़ोपल, सतबीर सिंह बड़ोपल, विनोद कुमार जांडवाला सहित काफी संख्या में किसान मौजूद रहे।