रतिया के सरदूलगढ़ रोड पर भरा बारिश का पानी। संवाद
रतिया। सरदूलगढ़ चौक से लेकर छोटी नहर तक सड़क का लेवल नीचे हो जाने के कारण यहां बारिश के दौरान कई-कई फुट पानी जमा हो जाता है। जिससे वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदार भी परेशान हैं।
दुकानदारों ने सरकार से मांग कि है कि बारिश के पानी की निकासी का उचित प्रबंध किया जाए और साथ ही रोड को भी ऊपर उठाया जाए। दुकानदार त्रिलोचन सिंह, मुकेश कुमार, सतनाम सिंह खोखर, बल्ली सिंह, सुनील कुमार, साजिद, पंकज कुमार, राहुल सेठी, रवि कुमार, मुनीष वर्मा आदि ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने रतिया से फतेहाबाद रोड को ऊंचा उठाया गया है। जिस कारण सरदूलगढ़ रोड नीचा हो गया है।
इस कारण बारिश के समय में यहां पर कई-कई दिनों तक पानी जमा हो जाता है। इस पानी की निकासी का कोई प्रबंध भी नगरपालिका और जनस्वास्थ्य विभाग ने नहीं किया है। जिस कारण दुकानदारों के साथ-साथ वाहन चालक भी परेशान हैं।
यहां पर वाहन भी बंद हो जाते हैं और लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। दुकानदारों की सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द बारिश के पानी की निकासी का प्रबंध किया जाए और सरदूलगढ़ रोड को छोटी नहर तक रोड को ऊंचा उठाया जाए।