बायोमैट्रिक और पोर्टल पर ट्रैक्टर की फोटो की अनिवार्यता के विरोध में रोष व्यक्त करते हुए किसान
रतिया। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के गेट पर रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन मार्केट कमेटी सचिव को सौंपा गया। इसमें हालिया तकनीकी बदलावों को तुरंत वापस लेने की मांग की गई।
भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां के जिला प्रधान निर्भय ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा गेहूं बेचने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन और ट्रैक्टर की नंबर प्लेट सहित फोटो पोर्टल पर अपलोड करने की शर्त पूरी तरह अव्यवहारिक है। पीक समय में जब किसान को जल्द फसल बेचनी होती है तब पोर्टल बार-बार हैंग हो जाता है या एरर दिखाने लगता है।
उन्होंने कहा कि इन तकनीकी बाधाओं के कारण किसान मंडियों में इंतजार करने को मजबूर हैं। किसान नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि हाजिरी और ट्रैक्टर की फोटो अपलोड करने के नियम को तुरंत बंद किया जाए। सभी किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने की गारंटी मिले। पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर कर खरीद प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।
किसान नेताओं ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी। प्रदर्शन में तेजिंदर सिंह थिंद, राजेंद्र बट्टू जिला प्रधान किसान सभा, कर्मा सिंह, गुरसेवक सिंह, रिशपाल सिंह, शेर सिंह और गगन भुल्लर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।