रतिया। बुढलाडा रोड बाईपास पर श्मशान घाट की जमीन का इंतकाल किसी व्यक्ति के नाम करवा कर जमीन को खुर्दबुर्द करने के मामले में हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन प्रो. रविंद्र बलियाला व मुख्यमंत्री हाउस के हस्तक्षेप के बाद तहसील कार्यालय के कर्मचारियों ने उक्त जमीन की निशानदेही की। बताया गया है कि निशानदेही के दौरान श्मशान घाट की 3 कनाल भूमि पर शेड बनाकर कब्जा करने की बात सामने आई है। मगर अभी तक निशानदेही करने वाली टीम द्वारा इसकी रिपोर्ट तहसीलदार को नहीं सौंपी गई है। इसके चलते अभी मामले में आगामी कार्रवाई होना बाकी है।
पार्षद गुरविंदर सिंह, गुरप्रीत गोपी, जगसीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, टीटू गिल, गोल्डी, महेंद्र सिंह, निर्भय सिंह, गुरचरण सिंह खोखर, बाबू राम, जोनी सिंह, सुखा सिंह, लाडी खोखर, सुखविंदर सैनी, हरप्रीत गिल व अन्य लोगों ने बताया कि बाईपास के पास 26 कनाल 17 मरले जमीन में श्मशान घाट बना हुआ था। मगर कुछ लोगों ने अधिकारियों के साथ मिलकर कागजों से छेड़छाड़ कर नगरपालिका रतिया के नाम हुए इंतकाल नंबर 24735 को तुड़वा दिया था और कुछ हिस्से पर कब्जा किया हुआ है। इस मामले में शिकायत हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष प्रो. रविंद्र बलियाला से की गई थी। चेयरमैन ने पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध करवाई और उपायुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त के निर्देशों के बाद भी रतिया प्रशासन के कुछ कर्मचारियों द्वारा इस मामले में ढिलाई बरतते हुए निशानदेही नहीं करवाई जा रही थी। मगर चेयरमैन बलियाला के हस्तक्षेप के बाद रतिया तहसील के कानूनगो हरिसिंह के नेतृत्व में श्मशान घाट की जमीन की निशानदेही करवाई गई। 3 कनाल जमीन पर कब्जा प्रतीत हुआ है।
अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन के निर्देशों के बाद श्मशान घाट की जमीन की निशानदेही कानूनगो हरिसिंह के नेतृत्व में करवाई गई है। कानूनगो की रिपोर्ट अभी तक मेरे पास नहीं आई है। जैसे ही रिपोर्ट आएगी तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विजय बब्बर, तहसीलदार, रतिया