फतेहाबाद। उच्चतर शिक्षा विभाग अभी तक नए सत्र के दाखिलों को लेकर फैसला नहीं ले पाया है। महाविद्यालयों में नई शिक्षा नीति के आधार पर इस बार दाखिला प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि बारहवीं कक्षा का परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थी महाविद्यालयों में दाखिलों का शेड्यूल जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। जिला मुख्यालय के महाविद्यालय में इस बार भी विद्यार्थी सिर्फ बीए और बीकॉम संकाय में ही दाखिला ले पाएंगे। नया संकाय शुरू नहीं हो पाएगा। हालांकि कॉलेज प्रशासन ने तीन नए विषय शुरू करने की डिमांड मुख्यालय को भेजी है।
इस डिमांड में पंजाबी, साइकोलॉजी और संस्कृत विषय शामिल हैं। अगर मंजूरी मिलती है तो जिला राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थी ये विषय पढ़ पाएंगे। जिला महाविद्यालय की शुरुआत पिछले सत्र में हुई थी और जगह न होने के चलते फिलहाल इसे महिला महाविद्यालय में संचालित किया जा रहा है। यहां पर बीए और बीकॉम संकाय पढ़ाए जा रहे हैं।
महिला महाविद्यालय में शुरू हो सकता है एमए इतिहास
राजकीय महिला महाविद्यालय भोड़िया खेड़ा में एम इतिहास शुरू करने की तैयारी है। उच्चतर शिक्षा विभाग को डिमांड भेजी गई है। अगर मंजूरी मिलती है तो यहां संकाय शुरू हो सकता है। फिलहाल यहां एमए हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, एमकॉम, साइकोलॉजी और संस्कृति संकाय चल रहे हैं।
दाखिले नहीं हुए तो बंद हो सकता है बीसीए संकाय
महिला महाविद्यालय में पिछले सत्र में बीसीए संकाय शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि इस संकाय में उम्मीद के मुताबिक दाखिले नहीं हुए है। इसके चलते इस संकाय पर संकट हो सकता है। अगर दाखिले नहीं होते है तो बंद किया जा सकता है।
भोडिय़ा खेड़ा के महिला महाविद्यालय में इतनी हैं सीटें
संकाय सीटें
बीए 400
बीकॉम 160
बीसीए 120
बीएससी मेडिकल 40
बीएससी नॉन मेडिकल 160
महाविद्यालयों में नए संकाय और विषय शुरू करने के लिए मुख्यालय को डिमांड भेजी गई है। उम्मीद है जल्द मंजूरी मिल जाएगी। फिलहाल दाखिले को लेकर शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। - लखबीर कौर, प्राचार्य, राजकीय महिला महाविद्यालय, भोड़िया खेड़ा।