भट्टूकलां। अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी भट्टू कलां की बैठक सुभाष चन्द्र भादू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन माननीय हनुमान सिंह ने किया, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में जिला प्रधान विष्णु दत्त उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता विष्णु दत्त ने कहा कि बैठक में फतेहाबाद जिले के भट्टू कलां क्षेत्र में किसानों और मजदूरों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन मुद्दों को लेकर 5 जनवरी को किसानों और मजदूरों की जनरल बॉडी मीटिंग आयोजित की जाएगी। यह बैठक भट्टू कलां के ताऊ देवीलाल पार्क में दोपहर 12 बजे होगी।
सरकार से मांग की जाएगी कि खराब फसलों का बीमा क्लेम बीमा कंपनियों की ओर से तुरंत जारी किया जाए। जलभराव से बर्बाद हुई फसलों का अभी तक मुआवजा नहीं मिलने से किसानों में भारी रोष है। इसके साथ ही फसलों की सिंचाई के लिए नहरी पानी को सुचारू रूप से चलाने, सेम समस्या का स्थायी समाधान करने और सौर ऊर्जा से चलने वाले पंपों को दोबारा चालू करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।
बैठक में रोहतास डुडी, अजय सिंह माचरा, मनीष गोरखपुरिया, हवा सिंह, सतपाल सिंह बिश्नोई, वजीर सिंह, विनोद कुमार और रिछपाल सिंह भादू सहित कई किसान नेता मौजूद रहे।
यह मांगें भ्री उठा रहे किसान:
इसके अलावा बंद पड़े बिजली कनेक्शनों को चालू करने, किसानों व मजदूरों को कर्जमुक्त करने तथा मनरेगा कानून को बहाल कर 200 दिन रोजगार और 700 रुपये प्रतिदिन दिहाड़ी देने की मांग भी जनरल बॉडी मीटिंग में रखी जाएगी।