फतेहाबाद। नगर परिषद प्रशासन ने मुख्य रोड से कचरा संग्रह केंद्र को हटाकर मॉडल टाउन में बीएसएनएल एक्सचेंज के सामने बना दिया है। इस पर अब बीएसएनएल और नगर परिषद के अधिकारी आमने-सामने हो गए हैं।
बीएसएनएल के फतेहाबाद सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) राजेंद्र सोनी को पत्र लिखकर कार्यालय के सामने बने डंपिंग प्वाइंट को स्थानांरित करने की मांग रखी है। उन्होंने बताया है कि बीएसएनएल कार्यालय के सामने अस्थायी डंपिंग प्वाइंट बना दिया गया है। यहां नियमित रूप से कचरा डाला जा रहा है। इससे सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फैला रहता है और गंदगी के कारण मक्खी मच्छरों की भी भरमार हो गई है। हालात यह है कि यहां से गुजरना भी दूभर हो जाता है।
नगर परिषद के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएसआई) सतपाल सैनी का कहना है कि मॉडल टाउन क्षेत्र से 5 से 10 मिनट के लिए कचरा इक्ट्ठा किया जाता है और फिर बुलडोजर से उठाकर डंपिंग प्वाइंट भेजा जा रहा है।
सेकेंडरी प्वाइंट पर लगाए गए है नोटिस
नगर परिषद के कर्मचारी सफाई के बाद रेहड़ी में कचरा डालकर सेकेंडरी प्वाइंट पर डालते है और यहां से उठाकर मुख्य कचरा संग्रह स्थल पर भेजा जाता है। नगर परिषद ने भट्टू रोड, शिवालय मार्केट के सामने, पुराना एसडीएम निवास के सामने, पुराना रेस्ट हाउस के सामने कचरा संग्रह स्थल बनाए गए थे। यहां पर नगर परिषद ने अब नोटिस लगाए है। हालात ये है कि प्वाइंट को यहां से खत्म करके साइड में बना दिया है जो लोगों के लिए आफत बना है।