टोहाना। शहर के खेल प्रेमियों, समाजसेवियों, खिलाड़ियों और कोचों ने आधुनिक इंडोर स्टेडियम बनाने की मांग की है, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास में आने वाली कठिनाइयों से राहत मिल सके। उनका कहना है कि गांवों में स्टेडियम मौजूद हैं, लेकिन शहर के खिलाड़ियों को अब भी उचित सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता है।
इंडोर स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिलेगा और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। प्रस्तावित इंडोर स्टेडियम में चेस, वॉलीबाल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और बॉक्सिंग जैसे खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगी। खिलाड़ियों ने सुझाव दिया है कि पुराने अस्पताल की जगह, पुराने बस स्टैंड का क्षेत्र (नए बस स्टैंड के शिफ्ट होने के बाद) या नगर परिषद की भूना रोड स्थित स्लॉटर हाउस की खाली भूमि इस परियोजना के लिए उपयुक्त स्थान हो सकते हैं।
फिलहाल, इंडोर स्टेडियम न होने के कारण खिलाड़ी टाउन पार्क, हर्बल पार्क और अन्य खुले स्थलों पर अभ्यास करने को मजबूर हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि यदि यह स्टेडियम बनता है तो टोहाना खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
बच्चों की फिटनेस के लिए खेलों में भाग लेना बहुत जरूरी है जिनके लिए इंडोर स्टेडियम होना चाहिए ताकि हर खिलाड़ी सरकार की सुविधा का लाभ ले सके। शहर के अनेक बच्चे गांवों में बने स्टेडियम में नहीं जा सकते इसलिए पार्क के बाहर अभ्यास करते हैं।
-डॉ. यादराम बांगड, वॉलीबाल स्वाभिमान क्लब प्रबंधक।
-
वर्तमान समय में खेल शारीरिक मजबूती के साथ साथ आजीविका कमाने का साधन बनते जा रहे हैं, इसलिए खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करते हुए इंडोर स्टेडियम का होना बहुत जरूरी है। सरकार को इस दिशा में जल्द उचित कदम उठाना चाहिए।
-डॉ. रणधीर सिंह, पूर्व डीपीई, प्रिंसिपल दुर्गा कॉलेज टोहाना।
गांवों में बने स्टेडियम में महिलाओं व लड़कियों को जाने-आने में समय अधिक लग जाता है, इसलिए उनकी सुविधाओं को देखते हुए शहर में सरकारी जमीन पर इंडोर स्टेडियम होना चाहिए। छोटे बच्चों को भी इसका लाभ मिलेगा।
-ज्योति, एनआईएस कोच
-
वर्तमान समय में कबड्डी, वालीबॉल, कुश्ती जैसे खेल भी इंडोर स्टेडियम में होने लगे है इसलिए शहर के खिलाड़ियं और जनता की मांग को देखते हुए आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण करवाया जाना चाहिए।
-महेश कुमार, कोच
-
इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं दी जा सकती है जिससे वे अपने आपको आगे बढ़ा सकते हैं। यहां बेहतर कोच व स्टेडियम मिल जाए तो उनकी प्रतिभाओं को निखारा जा सकता है।
-विनय वर्मा, खेल प्रेमी