ऐलनाबाद। रेल संघर्ष समिति ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं को लेकर बीकानेर मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्य अधिवक्ता संदीप नेहरा को ज्ञापन सौंपा। नेहरा ने उन्हें आश्वासन दिया कि सांसद कुमारी सैलजा को यह मांगपत्र भेजकर अनुरोध किया जाएगा कि इसे रेलमंत्री के समक्ष रखकर इन्हें पूरा करवाएं।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि हनुमानगढ़ जंक्शन पर नई वाशिंग लाइन जल्द शुरू होने जा रही है। ऐसे में हनुमानगढ़ से दिल्ली इंटरसिटी वाया ऐलनाबाद-सादलपुर शहर नई रेल सेवा का संचालन या श्रीधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस जो जबलपुर से निजामुद्दीन के बीच चलती है, उसका विस्तार सादलपुर, नोहर-ऐलनाबाद के रास्ते हनुमानगढ़ तक करवाया जाए।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14728/14727 जो श्रीगंगानगर से तिलकब्रिज के बीच चलती है को पूर्ण अपग्रेड किया जाए। आनंद बिहार टर्मिनल से कामाख्या के बीच संचालित होने वाली गाड़ी संख्या 12505/12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के साथ मर्ज कर श्रीगंगानगर से कामाख्या के बीच सीधी रेल सेवा का संचालन किया जाए।
ट्रेन संख्या 20483/20484 का दादर से भगत की कोठी तक संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन भगत की कोठी स्टेशन पर करीब 36 घंटे तक खड़ी रहती है। इस ट्रेन को रतनगढ़, सादलपुर, ऐलनाबाद, हनुमानगढ़ तक चलाया जा सकता है। इसके अलावा ऐलनाबाद और सिरसा के बीच नई रेल लाइन बिछाई जाए। इस लाइन का सर्वे भी हो चुका है, लेकिन अभी तक प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है।
रेल संघर्ष समिति ऐलनाबाद के पदाधिकारी संयोजक एमपी तंवर, उपाध्यक्ष पवन कुमार जाजू, प्रेस प्रवक्ता प्रो. संदीप घोडला, नगर पालिका के कई पार्षद आदि मांगपत्र लेकर अधिवक्ता संदीप नेहरा से मिले। इस मौके पर चेयरमैन राम सिंह सोलंकी, लादूराम पूनियां और यूपीआरएमएस बीकानेर मंडल के पूर्व मंडल सचिव यशपाल भारद्वाज आदि मौजूद रहे।