जाखल। रेलवे ओवरब्रिज को ऊंचा करने के प्रस्तावित निर्माण से पूर्व वैकल्पिक रास्ता न उपलब्ध करवाए जाने पर स्थानीय लोगों में असंतोष है। फिलहाल, प्रशासन और नागरिकों के बीच विवाद के चलते काम स्थगित रखा गया है।
शहरवासियों का कहना है कि जब तक आने-जाने के लिए कोई अस्थायी वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक मुख्य मार्ग को बंद नहीं होने दिया जाएगा। वहीं प्रशासन भी वैकल्पिक रास्ते के लिए लगातार बैठकें कर रहा है। टोहाना के एसडीएम आकाश शर्मा की अध्यक्षता में नगर पालिका कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। इसमें कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। बैठक में विभिन्न संगठनों और वर्गों के लोग उपस्थित रहे।
शहर को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग है। लोगों का कहना है कि यदि इसे बंद किया गया तो छोटे वाहन अंडरपास से निकल सकते हैं, लेकिन बड़े वाहनों के लिए गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। ऐसे में उन्हें लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत होगी।
-
लोगों ने रखी अपनी बात
यदि प्रशासन विकास कार्य करता है तो वे उसके साथ हैं, लेकिन आमजन के लिए पहले पक्का वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी को असुविधा न हो।
-बलकार सिंह, प्रधान ट्रक यूनियन जाखल
-
रेलवे प्रशासन के पास पंजाब की ओर कुछ जमीन उपलब्ध है, जहां से रास्ता बनाया जा सकता है। प्रशासन को आमजन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मांग पूरी करनी चाहिए।
-जगसीर सिंह, किसान नेता
क्षेत्र के हजारों लोग लंबे समय से इस मार्ग को बंद करने का विरोध जता रहे हैं। उनकी मांग है कि पहले अस्थायी रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि शहर में आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।
-लाभ सिंह, पूर्व सरपंच उदयपुर।