बैठक करके किसानों की मांगों की जानकारी देते हुए किसान संगठन ,स्त्रोत आयोजक
रतिया। भारतीय किसान यूनियन (खेती बचाओ) की बैठक अजीतसर गुरुद्वारा परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र सिंह चहल और बेगराज फुलां ने की। इसमें क्षेत्र के किसानों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने मुख्य रूप से रतिया ब्लॉक में हाल ही में हुई ओलावृष्टि का मुद्दा उठाया। किसान नेताओं ने कहा कि बेमौसम ओलावृष्टि से बड़े पैमाने पर फसलें नष्ट हो चुकी हैं। प्रशासन अविलंब स्पेशल गिरदावरी करवाकर नुकसान का आकलन करे और मुआवजा जारी करे ताकि किसान समय रहते अगली गेहूं की बिजाई की तैयारी कर सकें।
इसके साथ ही रबी सीजन की बुआई को देखते हुए भट्टू ब्लॉक सहित सिरसा और हिसार क्षेत्र में अगले दो सप्ताह तक नहरी पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पानी की कमी के चलते किसानों को खेतों की तैयारी में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में परमल धान की एमएसपी पर खरीद और उसके भुगतान में हो रही देरी पर भी रोष जताया गया। किसान प्रतिनिधियों ने प्रशासन और खरीद एजेंसियों से मांग की कि जिन भी किसानों का भुगतान अब तक बकाया है उसे बिना किसी देरी के उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाए ताकि उन्हें आर्थिक तंगी से राहत मिल सके।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता राम जाट, छैलूराम ढाका, संजय उर्फ जंगली भट्टू, रतिया ब्लॉक प्रधान सतनाम सिंह लांबा, भट्टू ब्लॉक प्रधान विनोद सिडाण और फतेहाबाद ब्लॉक प्रधान रविंदर कड़वासरा समेत अनेक किसान साथी मौजूद रहे।