फतेहाबाद। नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट करते हुए राज्यसभा
फतेहाबाद। अमृतसर-हिसार के बीच नई इंटरसिटी ट्रेन सेवा शुरू हो सकती है। इसके लिए राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करके मांग रखी है। इसके अलावा जिले में फतेहाबाद, टोहाना, हिसार और जाखल क्षेत्र से संबंधित विभिन्न रेलवे विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
उन्होंने टोहाना-कुलां रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कार्य में तेजी लाने और उकलाना क्षेत्र में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने हिसार-टोहाना रेलखंड पर रेलवे बाईपास लिंक के सर्वे को मंजूरी देने का भी आग्रह किया।बराला ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अमृतसर-हिसार के बीच नई इंटरसिटी ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा उन्होंने अमृतसर-हिसार एक्सप्रेस में अतिरिक्त स्लीपर और जनरल कोच बढ़ाने का अनुरोध किया ताकि यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिल सके। उन्होंने जमालपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी जिससे टोहाना व आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने रेलमंत्री को बताया कि कई स्थानों पर रेलवे फाटक होने के कारण लोगों को लंबे जाम और दुर्घटनाओं की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अगर उन जगहों पर अंडरपास और ओवरब्रिज के निर्माण से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा।