फतेहाबाद। शहर में विकास कार्यों और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा नहीं करने वाले विभागों के प्रति प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी डॉ. विवेक भारती ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घोषणाओं और विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता न हो और प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।
डीसी मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारी बोर्ड की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने विभागाध्यक्षों को अपने विभागों के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका लाभ निर्धारित समय में आमजन तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा।
लटकते बिजली तार और सड़कों के गड्ढे होंगे निशाने पर
सर्दी और धुंध के मौसम को देखते हुए डीसी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों के किनारों और बीच में सफेद पट्टियां लगवाने के निर्देश दिए, ताकि हादसों की आशंका कम हो। सड़कों के गड्ढे भरने और शहरों में नीचे लटक रहे बिजली के तारों को ठीक करने को भी कहा। जन स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति और मुख्यमंत्री की घोषणाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निकाय अधिकारियों को शहर में सफाई, सड़क निर्माण और पार्कों के सुंदरीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। डीसी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता न बने, बल्कि नियमित निगरानी के साथ शहरों को साफ और व्यवस्थित बनाया जाए।
अतिक्रमण, एनीमिया और नशे पर भी सख्ती के निर्देश
पंचायत विभाग को पंचायती जमीनों पर अतिक्रमण रोकने तथा अमृत सरोवरों के सुंदरीकरण और रखरखाव के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को एनीमिया मुक्त अभियान में जागरूकता, जांच और उपचार की गतिविधियां तेज करने तथा जिले की रैंकिंग सुधारने को कहा। सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सुचारु रखने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को स्कूलों में मिड-डे मील की गुणवत्ता की नियमित जांच करने, खेल विभाग को ग्रामीण स्टेडियमों और खेल उपकरणों का रखरखाव सुनिश्चित करने तथा वन विभाग को सड़कों के किनारे पेड़ों की अनावश्यक रूप से फैली टहनियों की छंटाई करवाने को कहा।
पुलिस विभाग को नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करने, इसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और असामाजिक तत्वों पर कानूनी शिकंजा कसने के निर्देश दिए। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
डीसी ने अधिकारियों को कार्यालयों में स्वच्छता, पुराने रिकॉर्ड की नियमानुसार वीडिंग और अनुपयोगी सामान की नीलामी करवाने को कहा। साथ ही नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनने की हिदायत दी। बैठक में एएसपी दिव्यांशी सिंगला, एसडीएम राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।