फतेहाबाद। शहर के चिल्ली क्षेत्र में बुधवार शाम को एक युवक का शव मिला। लोगों ने इसकी सूचना एंबुलेंस कंट्रोल रूम में दी। सूचना के बाद एंबुलेंस द्वारा युवक को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया।
यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की उम्र 30 साल बताई जा रही है। युवक की मौत के पीछे नशे की ओवरडोज की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
हुडा चौकी इंचार्ज गुरपाल सिंह का कहना है कि युवक का शव मिलने की सूचना मिली है। मौके पर टीम जाकर परिजनों के बयान लेकर वीरवार को पोस्टमार्टम करवाएगी। इसके बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
बता दें कि जिले में चिट्टे और मेडिकल नशे के आेवरडोज के कारण कई युवकों की मौत हो चुकी है। कई गावों में पुलिस भी अभियान चला रही है।