टोहाना (फतेहाबाद)। शहर के चंडीगढ़ रोड स्थित भाखड़ा नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान पंजाब के पातड़ा निवासी 63 वर्षीय जसविंदर कौर के तौर पर हुई है। चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है।
डायल 112 पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके सूचना दी कि एक महिला का शव नहर में उतराया है। जिसके बाद पुलिस ने गोताखोर नवजोत ढिल्लों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। ढिल्लों की टीम ने तुरंत महिला के शव को नहर से बाहर निकाल लिया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया।
इसके बाद पुलिस ने सूचना आस-पास के थानों में दी। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों ने वीडियो को देखा और अस्पताल में आ गए। परिजनों के अनुसार जसविंदर कौर घर में सुबह यह कहकर गई थी कि वह गुरुद्वारे में दर्शन करने के लिए जा रही है। जब वह वापस नहीं आई तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार जसविंदर कौर पिछले 4-5 महीनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। महिला की दो पुत्र ओर एक पुत्री है।