फतेहाबाद। ई दिशा केंद्र में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रक्रिया की जानकारी लेते उपायुक्त डॉ. विवेक भारत
फतेहाबाद। डीसी डॉ. विवेक भारती ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और वहां शुरू की गई पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने रजिस्ट्री प्रक्रिया के सभी चरणों के बारे में अधिकारियों से इसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने रजिस्ट्री करवाने आए विक्रेताओं व खरीदारों से मुलाकात कर प्रक्रिया के बारे में फीडबैक लिया। उपायुक्त ने मौके पर ही एक ऑनलाइन रजिस्ट्री की प्रति भी सौंपी। डीसी भारती ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली से अब रजिस्ट्री कराने वाले नागरिकों को लंबी कागजी प्रक्रिया से मुक्ति मिलेगी। डिजिटल माध्यम से रजिस्ट्री होने से दस्तावेजों की सुरक्षा, ट्रैकिंग और रिकॉर्ड प्रबंधन अधिक सुगम हो गया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है कि हर विभाग में ई-गवर्नेंस और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जाए, ताकि नागरिकों को तेज, सुरक्षित और सरल सेवाएं प्राप्त हो। अब सभी रजिस्ट्री केवल डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से की जाएंगी। नागरिकों को केवल एक बार अंतिम बायोमेट्रिक सत्यापन और डीड एग्जीक्यूशन के लिए ही पंजीकरण कार्यालय पर पहुंचना होगा। इससे दस्तावेजों के खोने या जालसाजी होने का जोखिम लगभग समाप्त हो जाएगा। सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेंगे, जिससे उनके खोने या खराब होने का डर नहीं रहेगा।
उपायुक्त ने कहा कि इस नई प्रणाली को लागू करने से पहले, अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यापक प्रशिक्षण दिया गया है। निरीक्षण के दौरान डीसी ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील में आने वाले किसी भी नागरिक को असुविधा न हो। रजिस्ट्री या अन्य राजस्व कार्यों के लिए आने वाले लोगों को उचित मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की जाए। इस दौरान टोहाना एसडीएम आकाश शर्मा, नगराधीश गौरव गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी श्यामलाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।