फतेहाबाद। शहर के नए बस स्टैंड और गांव मताना की ओर जाने वाले मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें नहीं होने से रात के समय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मार्ग पर डिवाइडर का निर्माण मताना मोड़ तक किया गया है लेकिन रोशनी की व्यवस्था मिनी बाईपास के कट तक ही है।
इसके आगे अंधेरा रहने से वाहन चालकों, राहगीरों और बस स्टैंड आने-जाने वाले यात्रियों को दिक्कत होती है। नागरिक अधिकार मंच, जिंदगी संस्था सहित कई लोग इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग उठा चुके हैं लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
नया बस स्टैंड शहर के लोगों के साथ आसपास के गांवों से आने वाले यात्रियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। यहां रात करीब नौ बजे तक आवागमन बना रहता है। दिन के समय मार्ग पर आवाजाही में अधिक परेशानी नहीं होती लेकिन रात को पर्याप्त रोशनी न होने से सड़क और आसपास की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं। इससे वाहन चालकों को सावधानी से आगे बढ़ना पड़ता है। अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
-
कॉलोनियों और पुलिस लाइन के लिए भी अहम मार्ग
नए बस स्टैंड की ओर जाने वाला यह मार्ग आसपास की कॉलोनियों और पुलिस लाइन में आने-जाने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। रात के समय रोशनी नहीं होने से इस क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को अंधेरे में सफर करना पड़ता है। गांव मताना निवासी राकेश, सुनील और रामचंद्र का कहना है कि मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें लगने से आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकता है। डिवाइडर मताना मोड़ तक बना है तो वहां तक रोशनी की व्यवस्था भी होनी चाहिए।
संस्थाएं कई बार उठा चुकी हैं मांग
नागरिक अधिकार मंच, जिंदगी संस्था सहित अन्य लोग नए बस स्टैंड तक स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग उठा चुके हैं। नागरिक अधिकार मंच से जुड़े हरदीप सिंह, देवेंद्र दहिया, मोहन लाल नारंग और राजीव सेतिया ने प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि नगर परिषद और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय से मार्ग का निरीक्षण करना चाहिए और जहां रोशनी की जरूरत है वहां स्ट्रीट लाइटें लगानी चाहिए। इससे बस यात्रियों, ग्रामीणों और वाहन चालकों को रात के समय राहत मिल सकेगी।
-
इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम लोक निर्माण विभाग का है। नगर परिषद की ओर से स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर कोई काम नहीं किया जाना है।
- सुमित चोपड़ा, एमई नगर परिषद फतेहाबाद।