भट@टू के गदली में नहर टूटने से खराब फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर फतेहाबाद में अधिकारियों को
फतेहाबाद। भट्टू के गांव गदली में खेड़ी माइनर नहर टूटने से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से इसकी स्पेशल गिरदावरी करवा मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
सोमवार को किसान सभा के जिला प्रधान विष्णुदत्त शर्मा और सरपंच सुनीता देवी के नेतृत्व में किसान उपायुक्त से मिलने फतेहाबाद पहुंचे। उन्होंने डीसी को ज्ञापन सौंपकर तुरंत प्रभावितों को मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इसके अलावा किसानों ने सिंचाई विभाग के एसई को भी मांगपत्र सौंपा है। प्रधान विष्णुदत्त व सरपंच सुनीता ने कहा कि रविवार को खेड़ी माइनर के टूटने से कई एकड़ गेहूं और सरसों की फसल भूमि पानी में डूब गई। इससे कई किसानों की फसल 100 प्रतिशत तक बर्बाद हो गई है।
इसके अलावा पानी से करीब 10 ट्यूबवेल को भी नुकसान हुआ है। कई किसानों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में जिला प्रशासन पंपों के हर्जाने सहित फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवाकर मुआवजा प्रदान करने के साथ ही खेतों में भरे पानी की निकासी का तुरंत प्रबंध किया जाए। किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा प्रदान कर राहत प्रदान की जाए।
इसके अलावा 10 एकड़ खाल को तुरंत ठीक करवाया जाए और जिन किसानों ने पंचायती भूमि ठेके पर ले हुई है, उनको भी मुआवजा प्रदान किया जाए। इस अवसर पर गोशाला के प्रधान राजवीर बैनीवाल, राजीव गोदारा एडवोकेट, पुनीत कुमार, शैलेन्द्र, नंदलाल, पृथ्वी सिंह, सतपाल, पवन कुमार, सुधीर, सरजीत, हरबंस कुमार, रोहताश कुमार आदि मौजूद रहे।