भूना में कांस्टेबल दिलबाग सिंह जोखिम उठाकर सिलिंडर को कमरे से बाहर खुले मैदान में घसीट कर लेकर
भूना। उकलाना-भूना रोड स्थित गर्ग ब्रिक्स कंपनी के ईंट-भट्ठे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लेबर रूम के एक कमरे में गैस सिलिंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही थाना भूना की डायल-112 ईआरवी-216 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
ईंट-भट्ठा मालिक राजेश कुमार गर्ग के भट्ठे पर बने एक कमरे में जैसे ही चाय बनाने के लिए गैस सिलिंडर चालू किया तो लीकेज होने के कारण आग भड़क उठी। देखते ही देखते कमरे में रखा सामान आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया। सिलिंडर फटने की आशंका से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। भट्ठा मालिक ने तुरंत डायल-112 पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग शांत होने के बाद भी कमरे के भीतर गैस सिलिंडर से रिसाव जारी था, जिससे खतरा बना हुआ था।
इसी दौरान ईएचसी सतीश कुमार और कांस्टेबल दिलबाग सिंह ने जोखिम उठाया और सिलिंडर को कमरे से बाहर खुले मैदान में ले आए। बाद में सिलिंडर की गैस सुरक्षित तरीके से खाली कर दी गई। इससे जान-माल का बड़ा नुकसान होने से बच गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि डायल-112 टीम के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।