दुश्मन के छक्के छुड़ा दें हम इंडिया वाले, ऐसी पड़ी फुहार रिमझिम सावन आया, कालो कूद पड्यो मेले में, चुन चुन करती आई चिड़िया, मेरा मुल्क मेरा देश मेरा ये वतन आदि प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। मौका रहा, आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम झंकार का। सरस्वती वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में स्कूल की सभी कक्षाओं ने अपनी प्रस्तुति दी।
सामाजिक संदेशों से भरपूर रहा वार्षिकोत्सव
आर्यभट्ट हाई स्कूल के वार्षिकोत्सव झंकार ऑफ लिटिल स्टैप्स में सामाजिक संदेशों की पूरी जगह रही। इस अवसर पर जहां बच्चों ने नाटक के माध्यम से स्वच्छता अभियान का संदेश दिया तो वहीं उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया। बच्चों ने देश के वीर जवानों पर आधारित देशभक्ति से परिपूर्ण प्रस्तुति दी। स्वच्छता अभियान की प्रस्तुति में बच्चों ने लोगों को अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का आह्वान किया। माइम के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया गया।
देश की विभिन्न संस्कृतियों को उतारा मंच पर
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने देश की विभिन्न संस्कृति से जुड़ी हरियाणवी लोकगीत व नाच पंजाबी गिद्दा व भंगड़ा, राजस्थानी लोक नृत्य, महाराष्ट्रीयन लोक नृत्य, गुजराती, कश्मीरी व सूफी सहित अन्य प्रस्तुतियां दी। बच्चों के कपल डांस को लोगों ने खूब सराहा। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लावणी नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में मंच संचालन स्टाफ सदस्य मेघा ग्रोवर व गजल मदान ने किया।
अभिभावक बने अतिथि, विजेताओं को बांटे पुरस्कार
स्कूल के वार्षिकोत्सव में किसी को मुख्यातिथि बनाने की बजाय अभिभावकों को पुस्कार वितरण का जिम्मा देकर अपनी परंपरा को जारी रखा गया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति के महासचिव भारतभूषण मिढ़ा, सहसचिव ओपी बिश्नोई, प्रिंसिपल बजरंग गोदारा, वाइस प्रिंसिपल केके अरोड़ा, जीएम रोडवेज लेखराज, डॉ. सुरेंद्रपाल, विक्रांत वीर, गुरबख्श मोंगा, डॉ. वीरेंद्र सिवाच, टीडी मेहता, रामचंद्र रेल्हन आदि मौजूद रहे।