बीज विकास निगम कार्यालय के बाहर लगी लाइन। संवाद
टोहाना। सरकारी बीज केंद्र पर शुक्रवार को पहले दिन गेहूं का बीज लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। केंद्र पर केवल एक कर्मचारी के ड्यूटी पर होने के कारण अव्यवस्था फैल गई। बीज लेने के लिए किसानों में धक्का मुक्की हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।
इसके बाद पुलिस टीम की मौजूदगी में 21 किसानों को 200 बैग बीज वितरित किए गए। वहीं मैनेजर के अनुसार उनके पास 20 हजार क्विंटल बीज है लेकिन लैब रिपोर्ट सिर्फ पांच हजार क्विंटल की ही मिल पाई है। बाकी बीज की रिपोर्ट आनी बाकी है। किसान सत्यवान, ओमप्रकाश और रमेश ने बताया कि बीज बांटने के लिए प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वे सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आया है। विभाग की ओर से केवल एक कर्मचारी ही बीज वितरण के लिए तैनात किया गया है। वह अकेले ही पैसे लेने और बीज बांटने का काम कर रहा है। किसानों ने मांग करते हुए कहा कि केंद्र पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की जाए ताकि उन्हें समय पर बीज मिल सके और ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
-
बीज की जांच में लगा समय, इसलिए हुई देरी
केंद्र के मैनेजर जयवीर सिंह ने कर्मचारियों की कमी को समस्या का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि पहले दिन ही बीज बांटने के लिए आया है, इसलिए भीड़ बढ़ गई है। मैनेजर ने यह भी बताया कि बीज बनने और लैब में जांच होने में समय लगा, जिसके कारण इसके आने में देर हुई। जयवीर सिंह ने बताया कि कि समस्या को दूर करने के लिए एक अतिरिक्त कर्मचारी लगा दिया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कैंची चौक स्थित बीज बिक्री केंद्र पर 1 अक्तूबर से बीज का वितरण किया जा रहा है।