फतेहाबाद में डीसी कार्यालय के बाहर धरना देकर बैठे किसान।
फतेहाबाद। खेतों में फसल नुकसान, नहरी पानी की किल्लत और मुआवजे की राशि को लेकर किसानों में नाराजगी है। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में 3 नवंबर से फतेहाबाद के लघु सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना जारी है। शनिवार को भी फतेहाबाद, सिरसा और हिसार जिलों के विभिन्न गांवों से आए किसानों ने इसमें भाग लिया।
धरने की अध्यक्षता छबील दास जाखल ने की। किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा कम है। सरकार पांच एकड़ तक 15 हजार रुपये दे रही है। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान और छबील दास जाखल ने एक लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग की। वे चाहते हैं कि राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचें। नहरी पानी की अनियमित आपूर्ति भी रोष की बड़ी वजह है। किसान नेताओं ने महीने में दो सप्ताह लगातार नहरी पानी छोड़ने की मांग की।
डीसी के रवैये पर नाराजगी
किसानों ने फतेहाबाद के डीसी डॉ. विवेक भारती के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने डीसी के तबादले की मांग भी उठाई। किसान नेताओं ने अपनी समस्याओं के समाधान में प्राथमिकता की अपेक्षा की। धरने को सुभाष रामपुरिया, ओमप्रकाश जोगीवाला सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। किसान नेताओं ने बताया कि 16 नवंबर को शहीद करतार सिंह सराभा के शहादत दिवस पर नशा विरोधी दिवस मनाया जाएगा।