फतेहाबाद। गांव रामसरा के राजकीय प्राइमरी स्कूल में घुसकर शिक्षक दड़ौली निवासी जितेंद्र की हत्या के मामले में शामिल 25 हजार के इनामी बदमाश गैंगस्टर राकेश उर्फ काला खैरमपुरिया को शनिवार को भट्टूकलां पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। आरोपी को पुलिस हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी।
आरोपी को फिर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी राकेश उर्फ काला के कहने पर स्कूल में घुसकर बदमाशों ने जितेंद्र पर फायरिंग की थी। शराब ठेकों की रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया था। ये वारदात 1 मार्च 2021 को हुई थी। इस मामले में भट्टूकलां पुलिस ने मृतक जितेंद्र के चचेरे भाई स्टालिन की शिकायत पर मामला दर्ज किया था।
शिक्षक की हत्या मामले में पुलिस पहले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, राकेश उर्फ काला खैरमपुरिया व अनिल निवासी हिसार पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी था। आरोपियों की पूछताछ में सामने आया था कि राकेश ने शूटरों को हथियार उपलब्ध करवाए थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी राकेश उर्फ काला पर फतेहाबाद के अलावा आदमपुर, हिसार, भिवानी, बरवाला, गोहाना, गुरुग्राम, सिरसा, सोनीपत व भट्टू कलां में भी हत्या, धोखाधड़ी समेत अनेक मामले दर्ज किए गए हैं।