पिपरा बाजार। हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के विरोध में नेबुआ नौरंगिया थाने के पास धरना दिया। पांच मांगों को लेकर लगभग तीन घंटे तक चले आंदोलन में पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगे।
एएसपी ने ज्ञापन लेकर आंदोलन खत्म कराया। हियुवा के जिला प्रभारी अजय गोविंद राव, बरेली मंडल प्रभारी राजन जायसवाल और जिलाध्यक्ष संजय सिंह की अगुवाई में काफी संख्या में हियुवा कार्यकर्ता नेबुआ नौरंगिया थाने के समीप पहुंचे और धरना देने लगे।
थाना घेराव की सूचना के मद्देनजर पडरौना, हाटा, खड्डा, हनुमानगंज आदि थानों के अलावा पीएसी और अग्निशमन दस्ते के जवान तैनात किए गए थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हियुवा नेताओं ने नेबुआ नौरंगिया पुलिस पर सत्ता पक्ष के दबाव में आकर कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न का आरोप लगाया।
वक्ताओं ने बिरइठ गांव से चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी, सिरसिया कला ग्रामपंचायत के प्रधान के विरुद्ध एक पक्षीय कार्रवाई, अतरडीहा गांव में सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण, खजुरिया गांव के एक हियुवा कार्यकर्ता के प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई नहीं किए जाने और सिरसिया बुजुर्ग गांव के प्रधान पर हमला करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई न होने का मामला उठाते हुए कहा कि पुलिस मथुरा की घटना से भी सबक नहीं ले रही है।
शाम करीब चार बजे एएसपी लालसाहब यादव कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और ज्ञापन लेकर आंदोलन खत्म कराया। इस दौरान चंद्र प्रकाश यादव चमन, फूलबदन कुशवाहा, मुकुल पांडेय, दुर्गेश यादव, मनीष जायसवाल, दिग्विजय नाथ तिवारी, मनोज सिंह, अवधेश आर्य, अमिताभ मिश्र, सुरेंद्र गुप्त और राकेश कुमार समेत तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।