निकटवर्ती गांव लाली में मंगलवार रात शराब का अवैध कारोबार करने वाले लोगों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी युवक के परिजनों तथा साथियों ने हमला कर दिया। आरोपियों पर पुलिस टीम पर हमला और हाथापाई कर अवैध शराब कारोबारी को छुड़वाकर ले जाने का मामला भी सामने आया है।
सूचना मिलने पर भारी पुलिस फोर्स गांव लाली पहुंची। मौके पर पहुंची फोर्स ने पुलिस कर्मियों को सकुशल सदर थाने पहुंचाया। इसके बाद छापा मारने गए पुलिसकर्मियों के बयानों पर शराब बेचने वाले और उसके साथियों पर सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने ,एक्साइज एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रतिया थाना में कार्यरत एएसआई महावीर सिंह को मंगलवार रात सूचना मिली थी कि लाली निवासी सोनू गांव में अवैध रूप से शराब बेचने का कारोबार करता है और इस समय गांव में शराब बेच रहा है। इसके बाद एएसआई महावीर सिंह व धर्मपाल की टीम गांव लाली पहुंची। पुलिस टीम ने आरोपी सोनू को शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
सोनू के कब्जे से पुलिस को 14 बीयर और 18 शराब की बोतलें भी बरामद हुई । पुलिस कर्मचारियों की मानें तो इसी दौरान सोनू ने अपने पकड़े जाने की सूचना परिजनों और साथियों को दे दी। सोनू की गिरफ्तारी की बात सुनते ही कृष्ण, महेंद्र व चार पांच अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस टीम के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी। पुलिसकर्मी महावीर का आरोप है कि उनके साथ मारपीट करने के दौरान ही सोनू के परिजन उसे पुलिस के कब्जे से छुड़वाकर फरार कर दिया।
उधर पुलिसकर्मियों से हाथापाई की सूचना जब सदर थाना में पहुंची तो भारी संख्या में पुलिस फोर्स लाली गांव में पहुंच गई । पुलिस फोर्स को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एएसआई महावीर की शिकायत पर सोनू, कृष्ण, महिंद्र सहित चार पांच लोगों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने ,एक्साइज एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
शराब तस्कर को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ मारपीट करने एवं आरोपी को छुड़वाने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
रूपेश चौधरी, एसएचओ सदर, रतिया ।