ददाहू (सिरमौर)। रेणुका थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ दुराचार के मामले में नया मोड़ आ गया है। नाबालिग से हुए नवजात को दफन करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग के पिता, बुआ और भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीनों को पूछताछ के लिए पुलिस ने थाना तलब किया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में लड़की के मृत बच्चे को दबाकर नाबालिग के पिता, बुआ और भाई (बुआ का बेटा) ने अपराध को छिपाने का प्रयास किया है। इस मामले में नाबालिग लड़की के पिता, बुआ व भाई से पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी मुख्यालय प्रताप सिंह ठाकुर ने तीन आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 318 के तहत अपराध छुपाने को लेकर मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि जून माह में एक नाबालिग के साथ गांव के ही व्यक्ति द्वारा दुराचार करने का मामला सामने आया था। आरोप था कि सितंबर माह में गांव के लिए एक व्यक्ति ने नाबालिग के साथ दुराचार किया। इसके बाद युवती गर्भवती हो गई। उसने एक बच्चे को जन्म दिया, जो मृत था। उसे जमीन में दबा दिया गया। पुलिस ने जमीन में दबाकर रखे बच्चे का डीएनए टेस्ट करवाया है। पुलिस को अभी भी बच्चे की डीएनए रिपोर्ट का इंतजार है। इस मामले में दुराचार का आरोपी पुलिस हिरासत में बंद हैं।
------