सुरेंद्र असीजा/मुकेश खुराना । गांव चितैन में हंसते-खेलते घर के उजड़ने के पीछे गांव वाले जो कहानी बता रहे हैं, वह स्तब्ध करने वाली है। गांव वालों का कहना है कि महिला ने प्रेम प्रसंग में अपने हंसते-खेलते घर को उजाड़ दिया। सुबह जब इस घटना का पता चला तो बकौल ग्रामीण उसका पति बार-बार ये दोहरा रहा था कि मैंने तुझे पहले भी रोका, नहीं मानी, अब सब खत्म हो गया है। गांव वालों का भी मानना है कि यदि महिला और उसके भतीजे ने अपने कदम रोक लिए होते तो परिवार को यह दिन नहीं देखने पड़ते।
सुबह गांव में जब पुलिस पहुंची तो किसी तरह की चीख पुकार नहीं थी। एक कच्चे मकान में दो मासूम बच्चों सहित चार लोगों के शव लटके हुए थे। गांववासियों की भीड़ उमड़ी हुई थी। हालांकि मृतक परिवार से कोई भी सदस्य वहां पर नजर नहीं आया। हर एक की जुबां पर एक ही बात थी कि समय रहते दोनों संभल जाते तो हंसता खेलता परिवार न उजड़ता।
जब शवों को पोस्टमार्टम के लिए कैंटर में डालकर अस्पताल में ले जाने की तैयारी में थे तो उस समय वहां पर मौजूद एक युवक ने बताया कि महिला का पति कृष्ण एक ही बात कह रहा उसने पत्नी को बहुत समझाया था कि गलत काम नहीं करना लेकिन वह नहीं मानी। ताज्जुब की बात ये है कि मृतक कुलबीर के परिजनों ने भी पुलिस में कोई बयान दर्ज नहीं करवाया है। इससे पूरे मामले में रहस्य गहराता जा रहा है। गांव के सरपंच फूल कुमार भी कहते हैं कि प्रेम प्रसंगों की अफवाह जरूर थी बाकी तो पुलिस जांच में सामने आएगा। फूल कुमार प्लाट के विवाद से भी इंकार नहीं करते।
गांव की महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं लेकिन इतनी बड़ी घटना हो जाने के बाद भी उनमें से किसी की भी आंखों में आंसू तक नहीं थे। गांव के छोटे-छोटे बच्चे व बुजुर्ग भी वहां पर मौजूद थे। किसी ने भी प्रेम प्रसंगों से इंकार नहीं किया। गांव की एक महिला ने बड़े भावुक होते हुए कहा कि दो साल का बच्चा या पांच साल की बच्ची खुद आत्महत्या नहीं कर सकते। गांव वासी भी यह मानते हैं कि बच्चों को मारकर लटकाया गया। दोनों बच्चों के शवों को रस्सी से बांधा गया था जबकि मृतक कुलबीर व सोनिया के शव चुन्नी से आमने-सामने लटके हुए थे। माना यह भी जा रहा है कि दो साल के बच्चे को नींद में लटकाया गया क्यों कि उसके चेहरे पर कोई कपड़ा नहीं था जबकि पांच साल की बच्ची पर मुंह ढका हुआ था। कुल मिलाकर रविवार को गांव में हुई घटना पीछे कई सवाल भी छोड़ गई है।
दोनों में था गहरा प्रेम
कुलबीर के सोनिया के साथ प्रेम संबंधों का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कुलबीर की बाजू पर जान सोनिया गुदा हुआ था। इसके बीच में दिल बना हुआ था जिसमें कुलबीर लिखा हुआ था। कुलबीर अभी तक अविवाहित था। कुलबीर सोनिया के पति कृष्ण का रिश्ते में भतीजा लगता है और दोनों के घर में एक-डेढ़ फुट का ही अंतर था।
एक्सपर्ट व्यू
जहां पर सुसाइड किया गया वहां पर चारपाई रखी हुई थी उसकी पाए पर मिट्टी लगी हुई है तथा मृतक के पैरों पर भी मिट्टी है। छत के गार्डर पर हाथ से मिट्टी हटने के निशान हैं जबकि मृतक के हाथ पर भी सूखी मिट्टी लगी हुई थी। इससे आत्महत्या का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके बावजूद मैंने आग्रह किया है कि चारों का पोस्टमार्टम डाक्टरों के बोर्ड से करवाया जाए तथा उनका विसरा मधुबन भेजा जाए ताकि केमिकल जांच हो सके। एक बार में यह सुसाइड का ही मामला लगता है बाकी रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।
डा.जोगिंद्र सिंह, इंचार्ज सीन आफ क्राइम