छिबरामऊ बाजार से मूंगफली बेचकर देर शाम ट्रैक्टर से गांव लौटते समय रास्ते में दो भाइयों को गांव के ही कुछ लोगों ने रोक लिया। मारपीट करने के बाद उन्हें बंधक बनाया और उनसे नगदी लूट ली। पीड़ितों के पिता ने गांव के ही चार लोगों के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बंधक बनाए गए दोनों भाई बाद में घर पहुंच गए हैं। ग्राम मलिकपुर निवासी लालाराम पुत्र छोटेलाल ने बताया कि वह अपने पुत्रों राजीव व संजीव तथा गांव के दीपू पुत्र बादाम सिंह, रमाशंकर पुत्र राममन के साथ छिबरामऊ बाजार मूंगफली बेचकर लौट रहा था।
शनिवार देर रात वह गांव से कुछ दूर पहले पहुंचा तभी गांव के शेर सिंह पुत्र सोनपाल, उसके भाई भूरे व खुशीराम तथा एक अन्य प्रदीप पुत्र महादेव प्रसाद ने ट्रैक्टर रुकवाया और गालीगलौज करते हुए उसके दोनों पुत्रों को पीटना शुरू कर दिया। उसने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान आरोपी उसके पुत्रों को खींचकर कुछ दूर तक ले गए। कुछ देर बाद उसका बड़ा पुत्र संजीव तो वापस आ गया, लेकिन छोटे पुत्र राजीव को उन लोगों ने बंधक बना लिया।
हमलावरों ने उसके बड़े पुत्र से 17276 रुपये भी लूट लिए। उसने उक्त चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि छोटा पुत्र अभी भी घर नहीं लौटा। इस संबंध में खडिनी चौकी इंचार्ज अमरबहादुर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। उसी को लेकर मारपीट हुई थी। बंधक बनाया गया युवक राजीव भी सुबह घर पहुंच गया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।