बीती रात गांव बड़ोपल के पास लावारिस सांड़ के सामने आने से कार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। इसके बाद कार में आग लग गई। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया। अगर वे बाहर न निकल पाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटना के बाद आग से कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। कार में सवार दो लोगों को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया था जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बड़ोपल निवासी जोगिंद्र, अमीचंद सहित चार लोग जोधपुर से गांव एमपी रोही जा रहे थे। गांव बड़ोपल क्रॉस करते ही उनकी कार के आगे अचानक एक लावारिस सांड़ आ गया। इससे बचने की कोशिश में कार असंतुलित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस दौरान उसमें आग लग गई।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चारों लोगों को बाहर निकाला। गाड़ी में आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आकर आग बुझाई। शनिवार सायं ही भट्टू रोड पर भी एकाएक एक चलती कार में आग लग गई थी। मामले की पुलिस जांच कर रही है।