पंजाब और भट्टू से किसी संदिग्ध गाड़ी के क्षेत्र में आने की सूचना पर दिनभर पुलिस अलर्ट रही। इस पर पुलिस ने पंजाब सीमा से लगते रतिया के बार्डर को सील कर दिया। इतना ही नहीं फतेहाबाद और रतिया शहर में भी जबरदस्त नाकाबंदी करके आने-जाने वाले हर वाहनों पर बारीकी से निगाह रखी गई।
पुलिस कप्तान द्वारा बनाई गई स्पेशल टीम भी शहर भर में पल पल पर नजर रखे थे। पुलिस द्वारा काफी सख्त नाकाबंदी पर खुद लोग भी हैरान थे। दूसरी ओर पुलिस ने रतिया क्षेत्र में 6 जगहों सहित क्षेत्र से गुजरने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी और पंजाब से आने वाले वाहनों की गहनता से तलाशी ली।
हालांकि दिनभर नाकाबंदी के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। भूना मोड़ पर शहरी चौकी प्रभारी कर्ण सिंह कूकना ने टीम के साथ मोर्चा संभाले रखा। तो थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने समय समय पर सभी नाकों का निरीक्षण किया। वहीं जिला पुलिस कप्तान ने स्वयं भी स्थिति पर नजर बनाए रखी व रतिया पुलिस द्वारा लगाए गए नाकों का निरीक्षण भी किया और शाम तक कुछ नाकों को हटा भी दिया गया।