नोटबंदी के दौरान कमीशन बनाने के चक्कर में फंसा कर हिसार के बालसमंद निवासी सुनील कुमार से फतेहाबाद में 15 लाख रूपए लूट लिए। घटना 20 दिसंबर की है और पुलिस को इस बाबत शिकायत 30 जनवरी को दर्ज करवाई गई है। शहर पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों कान्हाराम निवासी चूरू, राजकुमार निवासी जांडवाल सोतर, कुलदीप निवासी रताखेड़ा, महाबीर निवासी नाढ़ोड़ी, राहुल निवासी मोहम्मदपुर, राज निवासी गंगानगर, सतनाम, भजन निवासी पीरांवाली हिसार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि शिकायतकर्ता ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि उसने इतने दिन तक शिकायत क्यों नहीं की।
शहर पुलिस को दी शिकायत में सुनील कुमार ने बताया कि बीती 20 दिसंबर को उसके पास कान्हाराम और राजकुमार आदि के फोन आए कि उनके पास पुराने नोट हैं और अगर वो इनको बदलवा देे तो वे सुनील को इसके बदले कमीशन देने को तैयार हैं। सुनील ने बताया कि आरोपियों ने उसे मोटे कमीशन का लालच देकर 15 लाख रुपये के नए नोटों के साथ फतेहाबाद बुला लिया। सुनील अपने दोस्तों बलजीत एवं संजय के साथ फतेहाबाद पहुंचा जहां उसे राजकुमार और सतनाम मिले जो उन तीनों को अपनी गाड़ी में बिठाकर सिरसा रोड़ पर डेरा कंटीन के पास ले गए। जैसे ही वो लोग वहां पहुंचे, वहां पर नीली बत्ती में एक गाड़ी आई और गाड़ी सवारों ने उनके साथ मारपीट कर उनसे 15 लाख रुपये छीन लिए और फरार हो गए। शहर पुलिस ने सुनील कुमार की शिकायत पर उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 395 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुुरू कर दी है। इस बारे में बात करने पर सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने मामला दर्ज करने की पुष्टि करते बताया कि मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर मामले को सुलझाया जाएगा।