फतेहाबाद शहर के पॉश एरिया मॉडल टाउन स्थित पपीहा पार्क में शनिवार सुबह 11 बजे गोलियों चलने से हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। पपीहा पार्क में आए बदमाशों ने दो युवकों पर गोलियां चला दी, जो एक युवक के पेट से आरपार हो गई तथा दूसरे युवक के पेट में धंस गई। युवकों को नजदीक के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें हिसार रेफर कर दिया गया। युवकों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पाकर एसएचओ दिनेश कुमार, सीआईए इंचार्ज दलीप, सीन ऑफ क्राइम इंचार्ज डॉ. जोगिंद्र मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, बदमाशों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से घबराकर दुकानदारों ने दुकानों के शटर गिरा दिए।
शनिवार सुबह 11 बजे के करीब ढाणी ईसर निवासी सुरेश और ढाणी बीजालांबा निवासी नरेश पपीहा पार्क में बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान सफेद रंग की गाड़ी पपीहा पार्क के पास आकर रुकी और कुछ युवक कार से उतरकर पार्क के अंदर आए। आरोपी युवकों की सुरेश व नरेश के साथ कहासुनी हुई। इसके बाद हमलावर युवकों ने सुरेश की कमर पर गोली चला दी जो उसके आरपार हो गई। दूसरे युवक नरेश के पेट में गोली लगी।
घटना के बाद युवक पपीहा पार्क के पिछली तरफ से होते हुए मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर पार्क में सफाई कर रहे कर्मचारी मौके पर भागे और लोगों की सहायता से खून से लथपथ घायल युवकों को तुरंत नजदीक के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। दोनों युवकों का हिसार के अस्पताल में देर शाम तक ऑपरेशन किया गया। घटना के बाद पुलिस घायलों के बयान लेने के लिए हिसार रवाना हो गई थी, लेकिन शाम तक घायल युवक बयान देने की हालात में नहीं थे।
समझौते के लिए हुए थे एकत्र
बताया जा रहा है कि मानावाली के एक युवक का दहमन के दीपक नाम के युवक के साथ झगड़ा हुआ था। जिसको लेकर रंजिश हो गई थी। दीपक ने मानावाली के युवक को कॉलेज में पढ़ने वाले युवक को समझौते के लिए पपीहा पार्क में बुलाया था। वह मानावाली के युवक नरेश और सुरेश के साथ पार्क में पहुंचा।
इस दौरान नरेश और सुरेश की दूसरे पक्ष के युवकों से कहासुनी हो गई। दूसरे पक्ष के युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी और वहां से फरार हो गए। गोली मारने की वजह और रंजिश के बारे में घायलों के बयान दर्ज होने के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस जांच में अभी तक यह सामने आया है कि हमलावार युवक दहमन और समैन गांव के थे।
पुलिस को नहीं मिला कोई सुराग
सूचना के बाद पपीहा पार्क में काफी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची। पुलिस ने पार्क में सुराग ढूंढने की कोशिश की, लेकिन मौके से कुछ भी बरामद नहीं हुआ। यहां तक कि मौके से गोली का खोल या छर्रे आदि के निशान भी नहीं मिले। घटना के बाद पुलिस बयान लेने के लिए रवाना हो गई थी। अभी तक किसी ने कोई बयान नहीं दिया है। बयान दर्ज होने के बाद ही मामला दर्ज कर जांच की जाएगी। -दिनेश कुमार, शहर थाना प्रभारी