आजाद नगर से लगभग एक माह पहले 11वीं कक्षा के छात्र लवली की हत्या की जांच अब एसआईटी करेगी। एसआईटी इस मामले की जांच कर रिपोर्ट एसपी को सौंपेगी। इस संबंध में एसपी ओपी नरवाल ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
अनाज मंडी में मुनीम का कार्य करने वाले आजाद नगर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उसका छोटा बेटा लवली कामर्स का छात्र था। 11 दिसंबर को वह सायं करीब तीन बजे घर से बाजार जाने की बात कहकर गया था।
रात लगभग नौ बजे तक वह नहीं आया। पौने दस बजे उसके पिता ने बेटे को फोन करने के लिए अपना फोन उठाया तो उसमें लवली के नंबर से पौने नौ बजे के समय में दस-दस मिनट के अंतर पर मैसेज आए हुए थे। इसके बाद छात्र का शव पंजाब के शहर सरदूलगढ के पास गांव माखा नहर से बरामद हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मृतक बालक के चाचा हरीश की शिकायत पर अनीश व रामचंद्र सहित दो अन्य के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने मृतक का विसरा लेकर जांच के लिए पंजाब की खरड़ लैब में भेजा था।
क्या कहते हैं एसएचओ
थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि आजाद नगर निवासी लवली की हत्या के मामले में जिला पुलिस कप्तान के निर्देशानुसार चार सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। टीम में एसआई दयानंद, सदर प्रभारी कर्म सिंह, एसआई रामजीलाल शामिल हैं। शीघ्र ही इस मामले की जांच कर रिपोर्ट एसपी को सौंपी जाएगी।