भट्टूकलां पुलिस ने फतेहाबाद के सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी की शिकायत पर गर्भ में भ्रूण जांच करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने गांव कुलेरी निवासी नरेंद्र और सतबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, वहीं दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
ज्ञात रहे कि वीरवार को भट्टूकलां में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार में भ्रूण की जांच के नाम पर अल्ट्रासाउंड का गोरखधंधा चला रहे दो लोगों पर छापामार कार्रवाई की थी। इसमें कुलेरी निवासी नरेंद्र को मौके पर कार सहित पकड़ लिया था, जबकि उसका दूसरा साथी सतबीर निवासी कुलेरी फरार हो गया था। टीम में फतेहाबाद के सिविल सर्जन डॉ. अशोक चौधरी, सिरसा के डिप्टी सीएमओ डॉ. वीरेस भूषण, रतिया के एसएमओ वीके जैन, डॉ. ग्रीस, डॉ. राजेश, डॉ. गौरव और पुलिस के जवान शामिल थे। टीम ने फर्जी ग्राहक को उक्त लोगों के पास भेजा तो भ्रूण जांच का सौदा 18 हजार रुपये में तय हुआ। इस पर धंधे में संलिप्त लोगों ने इस काम के लिए भट्टूकलां स्थित चौपटा रोड पर हुडा विभाग के सेक्टर के सुनसान जगह को चुना। यहां ग्राहक को बुलाया और ग्राहक ने इसकी सूचना टीम को दी।
जानकारी छुपाना पड़ा महंगा, छोटा मुंशी लाइन हाजिर
भट्टूकलां। थाना भट्टूकलां में मीडिया से खबर छुपाने को लेकर एसपी के संज्ञान में आए मामले में छोटा मुंशी शेर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं, थाना प्रभारी सुनील कुमार के छुट्टी पर होने के चलते उनके स्थान पर विक्रम सिंह को एसएचओ नियुक्त किया गया है। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भ्रूण जांच के गोरखधंधे के आरोपियों को दबोचा था। इनमें एक की गिरफ्तारी कर ली गई थी, जिसकी पुष्टि सीएमओ ने तो कर दी। लेकिन थाने से मीडिया ने संपर्क किया तो एसएचओ को बाहर गया हुआ बताया गया। वहां नियुक्त छोटा मुंशी ने किसी की भी गिरफ्तारी न होने की बात कही। इसकी सूचना एसपी तक पहुंच गई, जिस पर थाने के छोटे मुंशी शेर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। वहीं, विक्रम सिंह को भट्टू थाने का एसएचओ नियुक्त कर दिया गया। ज्ञात रहे कि भट्टूकलां के थाना प्रभारी छुट्टी पर चल रहे हैं। उनके स्थान पर थाना प्रभारी का चार्ज कपूर सिंह के पास था।