फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भूना आगजनी में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार

Sat, 19 Mar 2016 12:40 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहाबाद
विज्ञापन
अधिकारियों की मीटिंग लेते आईजी - फोटो : bureau
विज्ञापन
जाट नेताओं का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद आंदोलन की आशंका के चलते हिसार रेंज के आईजी अनिल कुमार शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था जांचने फतेहाबाद पहुंचे। आईजी ने इस मौके पर जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें सख्त हिदायतें दीं। खबर है कि बैठक में भूना आगजनी का जिक्र आने के बाद आईजी ने लंबे समय से एक ही जगह पर कार्यरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लिस्ट मांगी है। दरअसल, पूरे फतेहाबाद जिले में महज भूना ही एकमात्र ऐसा स्थान रहा, जहां जाट आंदोलन के दौरान आगजनी की घटनाएं हुईं। इस घटना को लेकर आरोप यहां तक लगे थे कि इस दौरान फतेहाबाद पुलिस का एक बड़ा अधिकारी मौके पर ही मौजूद था, लेकिन उन्होंने उपद्रवियों को रोकने के लिए अपनी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में जांच पैनल की रिपोर्ट में भी हिसार, फतेहाबाद के कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाए गए। ऐसे में इस बात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता कि अगले कुछ दिनों में फतेहाबाद पुलिस में कई बड़े फेरबदल हों। हालांकि, आईजी ने ओवरऑल फतेहाबाद जिले में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन की पीठ भी थपथपाई।
विज्ञापन


ढुलमुल रवैया रखने वाले अफसरों को दी चेतावनी
आईजी अनिल कुमार ने पुलिस अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि ढुलमुल रवैया प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कोताही बरतने वाले अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और सामान्य प्रशासन अधिकारी आपसी तालमेल बनाए रखें और हालात के मद्देनजर तुरंत एक्शन लिया जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था दोनों एक साथ चलने वाली चीजें हैं, इसलिए पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट अपने इलाके में शांति व्यवस्था कायम रखें। उन्होंने कहा कि निश्चित निर्णय हो और विचारों में किसी भी प्रकार का मतभेद नहीं होना चाहिए। जो सूचना मिलती है, उस पर तुरंत एक्शन लिया जाए।

हर घटना की हो वीडियोग्राफी
आईजी अनिल कुमार ने कहा कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस दल अपने साथ कैमरा पार्टी को भी रखें और कहीं कोई जलसा व जुलूस हो रहा है तो उसकी पूर्णरूप से वीडियो और फोटोग्राफी करवाई जाए। इसके अलावा पुलिस की ओर से सभी कानूनी प्रक्रियाओं और कार्यवाही की वीडियोग्रोफी करवाई जाए। पुलिस अधिकारी संवदेनशील स्थलों की पहचान कर लें और अपनी गतिविधि जारी रखें। सरकारी संपत्तियों पर विशेष निगरानी रखने के लिए भी टीमें गठित करें। आईजी ने अधिकारियों से कहा कि वे स्थिति अनुसार अफवाहों पर नियंत्रण करने के लिए इंटरनेट जैसी सुविधाओं पर भी विशेष नजर रखें और जरूरत महसूस होने पर प्रतिबंध लगा दें।
विज्ञापन


एडीसी ने आईजी को किया आश्वस्त
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने हिसार मंडल आयुक्त व आईजी को आश्वासन दिया कि जिला में पूर्णरूप से शांति बनाई रखी जाएगी। प्रशासन मुस्तैद है और सभी तैयारियां पूरी हैं। प्रशासन का सामाजिक संगठनों, धार्मिक, पंचायत प्रतिनिधियों व राजनीतिक दलों से लगातार संपर्क है और उनसे शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी अपडेट रहेंगे।

यह रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगा राम पूनिया, एसडीएम संतलाल पचार, डॉ. मुनीष नागपाल, सतीश कुमार, सीटीएम सुरेंद्र पाल, डीएसपी रविंद्र तोमर, कार्यकारी अभियंता सुभाष भांभू, सतीश जनेवा, एसएस सांगवान, राजेंद्र सबरवाल, डीडीपीओ राजेश खोथ, ईओ ओपी सिहाग, डीडीए बलवंत सहारण सहित विभिन्न विभागों के  अधिकारी व पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें