रतिया में लगातार चोरी के बाद अब फतेहाबाद में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। बुधवार देर रात चोरों ने अनाज मंडी के पीछे एसबीआई रोड पर स्थित संतुष्टि वैरायटी स्टोर की छत पर लगे सरियों को काटकर सेंध लगाई और दुकान से लाखों रुपये का सामान और नकदी उड़ा ली। चोरी का पता वीरवार सुबह उस समय चला जब दुकान संचालक सचिन गोयल ने सुबह दुकान खोली। चोरी की सूचना मिलते ही शहर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कंबोज एवं फोरेंसिक एक्सपर्ट घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरु कर दी। हैरानी इस बात की भी है कि ये दुकान शहर की एक मुख्य सड़क पर स्थित है और सड़क पर देर रात तक चहल-पहल रहती है। इस बीच चोरी की इस घटना ने शहर पुलिस की गश्त पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
एसबीआई रोड पर स्थित संतुष्टि वैरायटी स्टोर के संचालक सचिन गोयल ने बताया कि बुधवार रात को वे लोग रात 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। शुक्रवार सुबह जब सचिन ने दुकान खोली तो दुकान में लगी एलसीडी अपनी जगह से उतरी हुई थी। शक होने पर उन्होंने जब दुकान में रखा सामान संभाला तो पचास हजार की नकदी, अंदर अलमारी में रखे महंगे सीसीटीवी कैमरे, देसी घी के डिब्बे, कास्मेटिक्स का सामान, सिगरेट और अंडर गारमेंट्स के डिब्बे उठाकर गायब मिले। हालांकि दुकान के अंदर भी सीसीटीवी लगे हैं लेकिन दुकान मालिक रात को घर जाते समय सारे कैमरे बंद कर जाते हैं। इसका कारण सचिन बताते हैं कि कुछ समय पूर्व उनकी दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई थी, ऐसी कोई आशंका टालने के लिए वे रात को सीसीटीवी सहित पूरी दुकान की लाइटें मेन स्विच से ही बंद कर जाते हैं।
रोशनदान की सरियों को आरी से काटा
दरअसल, दुुकान के अंदर बने बाथरूम की छत पर रोशनी के लिए एक रोशनदान छोड़ा गया है, जिसमें सरिया लगे थे। इन सरियों के ऊपर एक शीट लगी है। माना जा रहा है कि चोर इसी रास्ते से अंदर घुसे और सामान चोरी कर वापस भी इसी रास्ते से निकले क्योंकि रोशनदान के सरियों को आरी से काटा गया है और रोशनदान को ढंकने के लिए लगाई गई शीट को भी आरी से ही काटा गया है। सरिए काटने के लिए इस्तेमाल किए आरी के ब्लेड और आरी को छत पर बनी पानी की टंकी में ही चोरों ने फेंक दिया था। अंदर घुसने के बाद चोरों ने सारे सामान को दुकान के अंदर रखी सीढ़ी की मदद से वापस छत पर पहुंचे और फिर वहां से निकलकर भाग गए। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस इस चोरी में किसी नजदीकी आदमी के शामिल होने की बात को आधार मानकर आगे चल रही है। शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचे पुलिस एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने दुकान के एक कर्मचारी से पूछताछ भी की है क्योंकि वो कर्मचारी चोटिल था और दुकान की छत पर लगे सरिए पर भी किसी का खून लगा है जो शायद सरिया काटते समय चोर को चोट लगने से उस पर लग गया।
बड़ा सवाल! आखिर चोर दुकान की छत पर कैसे पहुंचे
पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल हमारे लिए सबसे बड़ी जांच का विषय ये है कि आखिर चोर दुकान की छत पर कैसे पहुंचे। इसके अलावा इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि दुकान की चोरी में किसी जानकार का हाथ हो। सीसीटीवी दुकानदार खुद ही बंद कर गया था, अन्यथा इससे भी मदद मिल जाती। लेकिन जांच जारी है, जल्द ही मामले का पटाक्षेप करेंगे।
-सुरेंद्र कंबोज, सिटी एसएचओ, फतेहाबाद ।