चंडीगढ़ रोड स्थित गुप्ता कॉलोनी में शनिवार देर रात चोरों ने युवा स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष खुशीराम सोनी के घर से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और फतेहाबाद से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी। लाखों रुपये के जेवरात चोरी होने की सूचना मिलते ही डीएसपी रवींद्र तोमर भी मौके पर पहुंचे।
वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। पीड़ित परिवार किसी काम से रोहतक गया हुआ था।
गुप्ता कॉलोनी निवासी युवा स्वर्णकार संघ के प्रधान खुशीराम सोनी का परिवार अपने रिश्तेदारी में मरीज का हालचाल जानने रोहतक गए हुए थे। सुबह लगभग पांच बजे जब उसके पड़ोसी ने देखा कि खुशीराम के मकान का ताला टूटा है तो उन्होंने सूचना खुशीराम को फोन पर दी।
उसके बाद खुशीराम ने रतिया रोड निवासी अपने पिता को वारदात के बारे में बताया। उन्होंने मामले की सूचना थाना शहर पुलिस को दी। जब वह लगभग नौ बजे घर पहुंचा तो उसने देखा पुलिस मौके पर मौजूद थी और घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का दरवाजा भी तोड़ा गया था। चोरों ने अलमारी का दरवाजा तोड़ने के बाद अलमारी से कमरे की चाबी निकाली और कमरे का दरवाजा खोलकर वहां रखी तिजोरी से लगभग दस तोले सोने के जेवरात, लगभग तीस तोले चांदी तथा डेढ़ लाख रुपये नगदी उठाकर ले गए।
इस दौरान सीन आफ क्राइम की टीम ने अलमारी और दरवाजे पर लगे अंगुलियों के निशान लिए तथा कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान कमरे में एक प्लासनुमा नुकीला हथियार भी बरामद हुआ। ऐसा माना जा रहा है कि इसी हथियार से अलमारी तोड़ने का प्रयास किया गया है। चोरों ने उस हथियार पर चमकीला रोल लपेटा हुआ था ताकि उनके हाथ के निशान उस पर नहीं आने पाएं।
रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए मकान मालिक खुशीराम ने बताया कि वह अपने परिवार सहित रोहतक किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे कि उनके पास किसी पडोसी का फोन आया जिसने बताया कि उनके घर का मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। जब उसने मौके पर आकर देखा तो पाया कि घर का सामान बिखरा हुआ था। अलामारी का दरवाजा तोडकर चोरो ने मकान के कमरे की चाबी चुराई जिसके बाद उन्होने तिजौरी में रखी लगभग दस तोले सोने के जेवर, 30 तोले चांदी व लगभग डेढ लाख की नकदी चोरी कर ले गए है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी है।
क्या कहते है डीएसपी।
इस दौरान मौके पर आए डीएसपी रवींद्र तोमर ने बताया कि गुप्ता कॉलोनी में चोरी की घटना सामने आई है। जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
टोहाना में 15 दिन में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात, जिले में लगातार दूसरे दिन बड़ी घटना
शहर में लगातार चोरो के हौसले बुलंद होते जा रहे है। लगभग पंद्रह दिन पहले चोरों ने माडल टाउन निवासी डा राहुल के घर से भी चोरो ने लगभग पांच लाख रुपये की लागत के सोने के जेवर, लैपटॉप, मोबाइल व नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। जिसका पता चलाने में पुलिस अब तक नाकाम रही है। वहीं शनिवार रात को हुई इस वारदात से शहर मे सनसनी फैल गई आसपास के लोग मौके पर आ गए। शहर में पिछले लंबे समय से लगातार चोरी की वारदात बढ रही है जिसमें से पुलिस अनाज मंडी में घर में हुई चोरी की वारदात को ट्रेस कर पाई है। इसके अलावा रेलवे कालोनी निवासी कर्मचारी मिश्रा के क्वार्टर से हुई चोरी मामले में पुलिस के हाथ खाली है।