निकटवर्ती गांव भिरडाना में एक माह से लंबित चले आ रहे जमीनी विवाद के मामले में वीरवार को पुलिस कप्तान ओपी नरवाल जांच के लिए भिरडाना गांव पहुंचे। एसपी नरवाल ने गांव में मौके पर जाकर हालात का जायजा लिया और दोपहर बाद जमीन की पैमाइश कराकर निशान लगाए। उनके समझाने के बाद ये निर्णय लिया गया कि अब ये विवाद पंचायत अपने स्तर पर ही निपटाएगी।
गौरतलब है कि भिरडाना में दो एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस जमीन में से कुछ जमीन तो पंचायती है और 80 मरले जमीन पर यहां के 40 परिवार अपना स्वामित्व जता रहे हैं। दूसरी ओर गांव का ही एक पक्ष इस जमीन पर मंदिर का हक बता रहा था।
इस मामले में हुए विवाद में 19 लोगों पर मामला दर्ज किया गया था। इसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश आहूजा भी शामिल थे। इसके बाद सदर एसएचओ बिजेंद्र सिहाग को भी कथित रूप से इसी मामले के चलते निलंबित किया गया था। इस बारे में बात किए जाने पर एसपी ओपी नरवाल ने बताया कि इस मामले में डीजीपी साहब के आदेशों के बाद आज गांव भिरडाना का दौरा किया है।
उम्मीद है कि जल्द ही मामला निपट जाएगा। इस मौके पर सरपंच सुभाषचंद्र, डीएसपी गुरुदयाल सिंह, एसडीएम फतेहाबाद, सदर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज, कानूनगो जगदीश गोदारा, पटवारी दलवीर सिंह आदि भी मौजूद थे।