गांव गोरखपुर की बेटी और आदमपुर की बहु सुमन संदिग्ध परिस्थितियों में वीरवार शाम दो बच्चों सहित गायब हो गई। महिला अपने ससुराल से मायके गोरखपुर के लिए करीब 4 बजे बस से रवाना हुई थी, लेकिन वह घर नहीं पहुंची। इसको लेकर ससुराल और मायके पक्ष के लोग शुक्रवार सुबह से ही उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन वीरवार देर शाम करीब 5 वर्षीय बच्चे हरसिल का शव सिद्धमुख नहर में मिलने से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। बच्चे का शव मिलने के बाद आदमपुर व गोरखपुर के लोग सुमन व उसकी बेटी की तलाश के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सुमन (28) पुत्री जगदीश विश्नोई गांव गोरखपुर अपने ससुराल आदमपुर से वीरवार शाम 4 बजे चली थी। जब वह देर रात घर नहीं पहुंची तो मायके पक्ष के लोगों ने भागदौड़ शुरू की। शुक्रवार शाम को किसी ने सिद्धमुख नहर में एक बच्चे का शव होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर सुमन के मायके पक्ष के लोगों ने जाकर देखा तो पहचान हरसिल के रूप में हुई। सुमन के भाई हरदेव विश्नोई ने बताया कि बच्चे का शव मिल गया है, लेकिन सुमन व उसकी मासूम बच्ची की भी नहर में भी होने की आशंका को लेकर खोजबीन की जा रही है।
इस संबंध में भूना थाना के कार्यवाहक एसएचओ राजपाल सिंह ने बताया कि पुलिस के पास अभी गुमशुदगी और शव मिलने से संबंधित सूचना नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम से संबंधित पहलुओं से जांच करेगी।