फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में लगी आग

Sat, 22 Oct 2016 12:50 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, फतेहाबाद
विज्ञापन
फतेहाबाद में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में लगी आग को बुझाने का प्रयास करते दमकलकर्मी। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

विज्ञापन
 शहर के बीचोंबीच नेशनल हाइवे पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की फतेहाबाद शाखा में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग शुक्रवार सुबह छह बजे के बाद लगी बताई जा रही है। आग से बैंक के अंदर रखा फर्नीचर, फाइलें और कंप्यूटर जलकर राख हो गए। फायर बिग्रेड और पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने दिलेरी का परिचय देते खुद धुएं से भरे बैंक परिसर में घुसकर आग पर काबू पाया।

आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है, लेकिन प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है। वहीं बैंक अधिकारी अभी इस बारे में खुलकर कुछ भी बताने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि जांच के बाद ही नुकसान और आग के कारणों बारे कुछ कहा जा सकेगा।
विज्ञापन


एटीएम में नहीं रहता कोई गार्ड, पड़ौसी दुकानदार ने दी सूचना
स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के एटीएम में कोई गार्ड नहीं होता। एटीएम का गेट भी रात को बंद होता है। सुबह सुरक्षाकर्मी आकर एटीएम का गेट खोलता है और फिर वापस चला जाता है। बताया गया है कि शुक्रवार को भी बैंक का सुरक्षाकर्मी सुबह तकरीबन साढ़े 5 और छह बजे के दौरान आया और एटीएम का गेट खोलकर वापस चला गया।

इस बीच तकरीबन साढ़े छह-सात बजे के करीब बैंक के पड़ोसी दुकानदार ने शटर के नीचे और बैंक के अंदर से धुआं उठते देखा तो बैंक अधिकारियों को फोन मिलाए लेकिन बैंक अधिकारियों का फोन ना लगने पर उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोनकर बुलाया। पुलिस विभाग की ओर से लगातार इस बारे में गाइड लाइन दी जाती रही हैं कि बैंक अपने एटीएम में सुरक्षा गार्ड की स्थाई नियुक्ति करें लेकिन नेशनल हाइवे स्थित अधिकतर बैंक इन गाइड लाइन को लगातार नजर अंदाज करते रहते हैं। अगर स्टेट बैंक आफ पटियाला के एटीएम में सुरक्षा गार्ड होता तो आग लगने के शुरुआती दौर में ही घटना का पता चल सकता था जिससे बैंक का फर्नीचर और रिकार्ड समय रहते बचाया भी जा सकता था।

ताला तोड़कर धुंए से भरे बैंक में जा घुसे दमकल कर्मचारी
आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने सुरक्षा गार्ड और बैंक अधिकारियों से मेन गेट को लगे ताले की चाबी मांगी तो चाबी का इंतजाम नहीं हो सका। इस पर दमकल कर्मचारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर पहले बैंक के ताले को तोड़ा और इसके बाद दिलेरी दिखाते धुएं से भरे बैंक में पाइप लेकर जा घुसे और तकरीबन आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

हालांकि उस वक्त बैंक में इतना धुआं भर चुका था कि अंदर जाना खतरे से खाली नहीं था। बैंक के अंदर धुएं और कार्बन डाई आक्साइड की अधिकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग बुझाने के लिए अंदर घुसे दमकल कर्मचारियों को भी कई बार ताजी हवा लेने के लिए बैंक से बाहर आना पड़ा।

लोगों का लगा तांता, ग्राहकों में हड़कंप
स्टेट बैंक पटियाला में आग लगने के बाद वहां से गुजर रहे लोग भी इस सारी कार्यवाही को बैंक के बाहर खड़े होकर देखने में जुट गए। इसके चलते बैंक के बाहर नेशनल हाइवे पर लोगों का तांता लग गया। बाद में पुलिसकर्मियों ने वहां खड़े लोगों को दूर किया। इस बीच जिन ग्राहकों के स्टेट बैंक आफ पटियाला में खाते थे, आग लगने की खबर सुनते ही उन ग्राहकों में भी हड़कंप मच गया। काफी संख्या में लोग अपने खातों और लॉकरों में रखे सामान की खैर-खबर लेने के लिए बैंक पहुंचने लगे। इसके चलते भी लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एसी, फर्नीचर और रिकार्ड जला, कैश और लॉकर रूम सुरक्षित
स्टेट बैंक पटियाला की फतेहाबाद शाखा में आग लगने से बैंक के अंदर लगे हुए तकरीबन 7 एसी, तकरीबन आधा दर्जन से अधिक कंप्यूटर, प्रिंटर, कुर्सियां मेज आदि जलकर बुरी तरह से राख हो गए। हालांकि ग्राहकों की चिंता का सबब बने लॉकर और कैश रूम पूरी तरह से सुरक्षित बताए जा रहे हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही हिसार स्थित मंडल कार्यालय से एक टीम ने भी बैंक का निरीक्षण किया। बैंक के एजीएम हरीश खुराना ने भी बैंक शाख का निरीक्षण किया। माना जा रहा है कि शनिवार सुबह तक बैंक के मुख्य कार्यालय से भी एक टीम आकर नुकसान का निरीक्षण करेगी।

पहले पीएनबी बैंक में भी हो चुकी है ऐसी घटना
कुछ समय पहले नेशनल हाइवे पर ही स्थित पीएनबी बैंक में भी ऐसी ही आगजनी की घटना हो चुकी है। पीएनबी बैंक की घटना सांय सात बजे की थी जब बैंक के अधिकारी ब्रांच से निकल चुके थे और एसबीओपी में बैंक की घटना अलसुबह की है जब बैंक के कर्मचारी ब्रांच में पहुंचे ही नहीं थे। पीएनबी में लगी आग से भी बैंक के अंदर फर्नीचर और रिकार्ड का काफी नुक्सान नहीं हुआ था।
विज्ञापन


प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से आग लगी दिखाई पड़ रही है। फर्नीचर, कंप्यूटर और एसी पूरी तरह जल गए हैं। कैश रूम और लॉकर रूम सुरक्षित हैं। कितना नुकसान हुआ है, इसके बारे में सही सही तो जांच के बाद ही बता सकेंगे। जल्द ही बैंक की ब्रांच को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
-हुकुमचंद, मैनेजर, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें